टेट परीक्षा ने रोकी शहर का रफ्तार, जाम के बीच स्कूल बंद करने का आदेश
महराजगंज टाइम्स ब्यूरो:- जिले में टेट (शिक्षक पात्रता परीक्षा) के दौरान संभावित यातायात दबाव और जाम की स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन ने महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। जिलाधिकारी के निर्देश पर बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) ने नगर क्षेत्र एवं फरेंदा क्षेत्र के कक्षा 1 से 8 तक संचालित सभी परिषदीय, सहायता प्राप्त और मान्यता प्राप्त विद्यालयों को शनिवार तक बंद रखने के आदेश जारी किए हैं। गुरुवार को टेट परीक्षा के पहले दिन परीक्षा केंद्रों के आसपास अभ्यर्थियों की भारी भीड़ और वाहनों की आवाजाही के कारण नगर के कई प्रमुख मार्गों पर लंबा जाम लग गया। इससे आम लोगों के साथ-साथ स्कूली बच्चों, अभिभावकों और रोजमर्रा के यात्रियों को घंटों तक परेशानी का सामना करना पड़ा। कई लोगों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में काफी देरी हुई। इस जाम ने एक बार फिर शहर में लंबे समय से लंबित बाईपास की आवश्यकता की चर्चा को भी हवा दे दी। लोगों का कहना है कि यदि महराजगंज शहर का बाईपास पहले से बन गया होता तो बाहरी वाहनों का दबाव शहर के भीतर नहीं आता और इस तरह की स्थिति से काफी हद तक बचा जा सकता था। इसी स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने एहतियातन विद्यालयों में शिक्षण कार्य स्थगित रखने का निर्णय लिया है, ताकि परीक्षा के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे और अभ्यर्थियों को समय पर परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने में कोई कठिनाई न हो। बीएसए द्वारा जारी आदेश के अनुसार नगर एवं फरेंदा क्षेत्र के कक्षा 1 से 8 तक के सभी विद्यालय शनिवार तक बंद रहेंगे। प्रशासन ने अभिभावकों से आदेश का पालन करने तथा अनावश्यक रूप से भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में जाने से बचने की अपील की है। वहीं, जाम की इस स्थिति ने शहर के स्थायी यातायात समाधान के रूप में बाईपास परियोजना की जरूरत को भी एक बार फिर प्रमुखता से सामने ला दिया।
यह भी पढ़ें : 11 हजार वोल्ट के पोल पर चढ़ तार से लटका रहा शराबी, घंटों चला हाईवोल्टेज ड्रामा; वीडियो वायरल