Maharajganj

बाढ़ को लेकर प्रशासन अलर्ट, एडीएम ने निचलौल के संवेदनशील इलाकों का किया निरीक्षण

 

महराजगंज टाइम्स ब्यूरो:- संभावित बाढ़ के खतरे को देखते हुए महराजगंज जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। इसी क्रम में मंगलवार को अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) डॉ प्रशांत कुमार ने निचलौल तहसील के बाढ़ संभावित एवं अति संवेदनशील गांवों गेडहवां, कमनिसवा और ठूठीबारी समेत कई क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान बाढ़ राहत एवं बचाव व्यवस्था की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को सभी संसाधन हर समय तैयार रखने के निर्देश दिए। एडीएम ने बाढ़ शरणालयों, पशु शरणालयों, बाढ़ चौकियों तथा राहत एवं बचाव उपकरणों का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी बाढ़ चौकियों पर नाव, लाइफ जैकेट, प्राथमिक उपचार सामग्री, संचार उपकरण और अन्य जरूरी संसाधन पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध रहें, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया जा सके। निरीक्षण के दौरान एडीएम ने स्थानीय ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों से संवाद कर बाढ़ के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों की जानकारी दी। उन्होंने लोगों से प्रशासन द्वारा जारी अलर्ट का पालन करने, समय रहते सुरक्षित स्थानों पर पहुंचने तथा किसी भी आपात स्थिति की सूचना तत्काल प्रशासन को देने की अपील की। उन्होंने कहा कि जनसहभागिता और समुदाय आधारित आपदा प्रबंधन प्रभावी राहत कार्यों की सबसे बड़ी ताकत है। इसके बाद गेडहवां से ठूठीबारी के बीच स्थित तटबंधों का निरीक्षण कर उनकी सुरक्षा व्यवस्था और संभावित कटान वाले स्थलों का जायजा लिया गया। संबंधित विभागों को निर्देश दिया गया कि तटबंधों की लगातार निगरानी की जाए और किसी भी प्रकार के रिसाव, क्षति या कटान की सूचना मिलते ही तत्काल मरम्मत एवं आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। निरीक्षण के समापन पर एसडीआरएफ और एसएसबी की रैपिड रिस्पांस टीम के साथ समन्वय बैठक भी आयोजित की गई। बैठक में खोज एवं बचाव अभियान, राहत वितरण, निकासी योजना, संचार व्यवस्था तथा विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय को लेकर रणनीति तैयार की गई। एडीएम ने सभी विभागों को अलर्ट मोड में रहकर जन-धन और पशुधन की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।

यह भी पढ़ें : रोटरी क्लब महाराजगंज के नवें पदस्थापन समारोह में नई टीम ने संभाली जिम्मेदारी, सेवा और समर्पण का लिया संकल्प