Maharajganj

घर लौट रहे दो चचेरे भाइयों की सड़क हादसे में मौत, ट्रेलर की टक्कर से उजड़ गया परिवार

 

महराजगंज टाइम्स ब्यूरो:- कोठीभार थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात हुए दर्दनाक सड़क हादसे में दो चचेरे भाइयों की मौत हो गई। बरवा द्वारिका के पास तेज रफ्तार ट्रेलर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरे ने जिला अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। जानकारी के अनुसार, रजवल मदरहा गांव निवासी कृष्णा (22) और शिवलाल (20) शुक्रवार दोपहर किसी काम से बाइक से घर से निकले थे। देर रात दोनों वापस अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान बरवा द्वारिका के पास सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रेलर ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।हादसा इतना भीषण था कि शिवलाल की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, गंभीर रूप से घायल कृष्णा को स्थानीय लोगों की मदद से तत्काल सिसवा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया, जहां इलाज के दौरान उसने भी दम तोड़ दिया। सूचना पर पहुंची कोठीभार पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे की खबर मिलते ही मृतकों के घरों में चीख-पुकार मच गई। बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर और बाद में उनके घर पहुंचकर शोक संवेदना व्यक्त करते रहे।थाना प्रभारी अखिलेश कुमार वर्मा ने बताया कि दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। फिलहाल मृतकों के परिजनों की ओर से कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है।

यह भी पढ़ें : अखिलेश की गिरफ्तारी पर महराजगंज में सपा का हल्ला बोल, मेन चौराहे पर शक्ति प्रदर्शन