गन्ने के खेत के पास मिला एक वर्षीय नर तेंदुए का शव, संघर्ष में मौत की आशंका
महराजगंज टाइम्स ब्यूरो:- सोहगीबरवा वन्यजीव प्रभाग के अंतर्गत निचलौल रेंज के ग्राम मिश्रौलिया में शनिवार सुबह एक वर्षीय नर तेंदुए का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों की सूचना पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। जानकारी के अनुसार शनिवार भोर में गांव की महिलाएं नित्यक्रिया के लिए पश्चिम दिशा की ओर जा रही थीं। इसी दौरान राजवंशी के गन्ने के खेत के पास चकरोड पर उन्हें तेंदुए का शव दिखाई दिया। महिलाओं के शोर मचाने पर बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। ग्रामीणों का कहना है कि शुक्रवार रात क्षेत्र में तेंदुओं की तेज दहाड़ें सुनाई दे रही थीं और दो तेंदुओं के बीच संघर्ष होने की आशंका है।सूचना मिलते ही क्षेत्रीय वनाधिकारी सुनील कुमार राव टीम के साथ घटनास्थल पहुंचे और निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी। वन विभाग आसपास के क्षेत्र में साक्ष्य जुटाने के साथ सभी संभावित पहलुओं की जांच कर रहा है। डीएफओ निरंजन सर्वे ने बताया कि मृत तेंदुए की उम्र करीब एक वर्ष प्रतीत हो रही है। उसके शरीर के ऊपर और नीचे दांतों के निशान मिले हैं। घटनास्थल के आसपास बड़े नर तेंदुए के पैरों के निशान भी मिले हैं, जिससे प्रथम दृष्टया बड़े नर तेंदुए के हमले में उसकी मौत होने की आशंका है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि होगी। पिछले महीने भी निचलौल रेंज में तेंदुओं की मौत के कई मामले सामने आने से वन विभाग की चिंता बढ़ गई है।
यह भी पढ़ें : सरकारी जमीन पर चला बुलडोजर: त्रिलोकपुर में 40 डिसमिल खलिहान की भूमि कब्जामुक्त