शराब के नशे में युवक ने अपनी ही बाइक में लगाई आग, पुलिस की तत्परता से टला बड़ा हादसा
महराजगंज टाइम्स ब्यूरो:- जिले के कोठीभार थाना क्षेत्र के स्टेट तिराहा पर सोमवार दोपहर एक युवक ने शराब के नशे में अपनी ही मोटरसाइकिल में आग लगा दी। समय रहते मौके पर पहुंची पुलिस ने आग पर काबू पाकर बड़ा हादसा होने से बचा लिया। घटना में बाइक आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हुई है, जबकि किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।पुलिस के अनुसार, सोमवार को करीब 2:15 बजे डायल के माध्यम से सूचना मिली कि स्टेट तिराहा पर एक व्यक्ति अपनी बाइक में आग लगा रहा है। सूचना मिलते ही कोठीभार थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। जांच में पता चला कि स्टेट तिराहा, सिसवा बाजार निवासी सुरेश प्रसाद मद्धेशिया पुत्र मुनीम प्रसाद ने शराब के नशे में अपनी मोटरसाइकिल (UP53AN2476) में आग लगा दी थी। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने तत्परता और सूझबूझ का परिचय देते हुए आग को तुरंत बुझा दिया, जिससे आग आसपास नहीं फैल सकी। हालांकि बाइक का कुछ हिस्सा जल गया, लेकिन किसी व्यक्ति को कोई चोट नहीं आई। पुलिस ने बताया कि घटना के बाद मौके पर शांति व्यवस्था पूरी तरह सामान्य रही। मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
यह भी पढ़ें : बाल सुरक्षा पर महराजगंज पुलिस अलर्ट, गुमशुदगी से तस्करी तक हर मामले में त्वरित कार्रवाई के निर्देश