Maharajganj

महराजगंज में टावर पर चढ़कर हंगामा करना पड़ेगा भारी, तीन माह में चार थानों में मुकदमे; पुलिस की सख्त चेतावनी

 

महराजगंज टाइम्स ब्यूरो:-  मोबाइल और संचार टावर पर चढ़कर विरोध प्रदर्शन या अपनी मांग मनवाने की कोशिश करने वालों के खिलाफ महराजगंज पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन में पिछले तीन महीनों के दौरान ऐसे मामलों में संबंधित थानों में मुकदमे दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की गई है। पुलिस अधीक्षक कार्यालय से जारी प्रेस नोट के अनुसार मई, जून और जुलाई के दौरान जनपद के सोनौली, भिटौली, फरेंदा और कोतवाली थाना क्षेत्रों में कुछ लोगों ने अपनी अनुचित मांगों या अन्य कारणों से मोबाइल एवं संचार टावर पर चढ़कर विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान उन्होंने अपनी जान जोखिम में डालने के साथ ही कानून-व्यवस्था और लोक शांति भी प्रभावित की। पुलिस ने ऐसे मामलों को गंभीरता से लेते हुए तत्काल हस्तक्षेप किया, संबंधित व्यक्तियों को सुरक्षित नीचे उतारा और उनके खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू की। पुलिस का कहना है कि इस तरह के कृत्य न केवल स्वयं के लिए बल्कि आम जनता और प्रशासनिक व्यवस्था के लिए भी खतरा पैदा करते हैं। पुलिस अधीक्षक ने जनपदवासियों से अपील की है कि किसी भी समस्या या शिकायत के समाधान के लिए कानून हाथ में न लें और न ही टावर या अन्य ऊंचे स्थानों पर चढ़कर विरोध प्रदर्शन करें। किसी भी प्रकार से कानून-व्यवस्था भंग करने या लोक शांति प्रभावित करने वाले व्यक्तियों के खिलाफ भविष्य में भी कठोर कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।

यह भी पढ़ें : निर्माणाधीन पोखरे में डूबने से तीन मासूमों की मौत, गांव में मचा कोहराम