तहसील समाधान दिवस में थानेदारों की जगह दरोगाओं को देख भड़के एसडीएम, जताई नाराजगी
महराजगंज टाइम्स ब्यूरो:- सदर तहसील में आयोजित समाधान दिवस के दौरान सोमवार को उस समय गहमा-गहमी की स्थिति बन गई, जब कई थानों के थानाध्यक्षों के स्थान पर दरोगा प्रतिनिधि बनकर पहुंच गए। सदर एसडीएम अवनीश कुमार त्रिपाठी ने इस पर नाराजगी जताते हुए दरोगाओं को वापस लौटने के लिए कह दिया। निर्देश दिया कि केवल नामित अधिकारियों की ही उपस्थिति दर्ज की जाएगी। प्रतिनिधियों को उपस्थिति पंजिका पर हस्ताक्षर करने से एसडीएम ने रोक दिया। उससे तहसील दिवस में हड़कंप मच गया।बताया गया कि समाधान दिवस में श्यामदेउरवा, पनियरा, भिटौली, कोतवाली और घुघली थानों से थानाध्यक्षों के स्थान पर उपनिरीक्षक पहुंचे थे। इसकी जानकारी होने पर एसडीएम ने संबंधित दरोगाओं से जानकारी ली और थानाध्यक्षों के नहीं आने पर नाराजगी जताई। एसडीएम ने स्पष्ट कहा कि समाधान दिवस के लिए जो अधिकारी नामित हैं, उन्हीं की उपस्थिति दर्ज की जाएगी। उनकी जगह किसी प्रतिनिधि से हस्ताक्षर स्वीकार नहीं किए जाएंगे। एसडीएम की नाराजगी के बाद मौके पर मौजूद दरोगाओं में खलबली मच गई। उन्होंने संबंधित थानाध्यक्षों को लेकर भी जानकारी ली। समाधान दिवस में फरियादियों की समस्याओं के त्वरित निस्तारण और जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही को लेकर एसडीएम ने सख्त रुख अपनाया।
यह भी पढ़ें : वन स्टाफ सेंटर की सुरक्षा में सेंध! लड़की के फरार होने से मचा हड़कंप, CCTV खंगाल रही पुलिस