नगर तिराहे पर बेकाबू डंपर का कहर, मकान में जा घुसा मिक्सर डंपर; बाल-बाल बची जानें
महराजगंज टाइम्स ब्यूरो:- नगर तिराहे पर देर रात तेज रफ्तार मिक्सर डंपर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित एक मकान में जा घुसा। हादसे में मकान का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। हालांकि राहत की बात यह रही कि हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मिक्सर डंपर तेज रफ्तार में नगर तिराहे की ओर आ रहा था। इसी दौरान अचानक वाहन अनियंत्रित हो गया और सड़क किनारे बने मकान में जा घुसा। जोरदार टक्कर के कारण मकान के सामने का हिस्सा पूरी तरह टूट गया। हादसे की आवाज सुनकर आसपास के लोग अपने घरों और दुकानों से बाहर निकल आए। देखते ही देखते मौके पर बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जुट गई। दुर्घटना के कारण सड़क पर मलबा फैल गया, जिससे कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा। सड़क किनारे बनी दुकानों को भी नुकसान पहुंचने की बात सामने आई है। स्थानीय लोगों ने बताया कि हादसा इतना भयावह था कि कुछ देर के लिए लोग सहम गए। गनीमत रही कि मकान के सामने और सड़क किनारे उस समय कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था, वरना बड़ा हादसा हो सकता था। हादसे के बाद डंपर मकान में बुरी तरह फंस गया। भारी वाहन को बाहर निकालने के लिए क्रेन की मदद ली गई। कई घंटे की मशक्कत के बाद दुर्घटनाग्रस्त मिक्सर डंपर को मकान से बाहर निकाला जा सका। इसके बाद सड़क से मलबा हटाया गया और यातायात धीरे-धीरे सामान्य हुआ। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली और हादसे की जांच शुरू कर दी है।
यह भी पढ़ें : समाधान दिवस में डीएम का सख्त एक्शन: एक्सईएन का वेतन रोका, प्रमुख सचिव को भेजा जाएगा पत्र