Maharajganj

जमीन के विवाद में हाथ में बंदूक लेकर चौकी पहुंची युवती, पुलिस में मचा हड़कंप

 

महराजगंज टाइम्स ब्यूरो:- श्यामदेउरवां थाना क्षेत्र के धरमौली गांव में जमीन के बंटवारे को लेकर चल रहे पारिवारिक विवाद ने सोमवार को उस समय गंभीर रूप ले लिया, जब एक युवती हाथ में लाइसेंसी बंदूक लेकर परतावल पुलिस चौकी पहुंच गई। चौकी परिसर में बंदूक के साथ युवती को देखकर पुलिसकर्मियों में हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि सोमवार दोपहर करीब 2:30 बजे युवती रोते हुए चौकी पहुंची और पुलिस से न्याय की गुहार लगाने लगी। युवती ने अपने साथ मारपीट किए जाने का आरोप लगाते हुए मामले की जांच और कार्रवाई की मांग की। पुलिसकर्मियों ने सुरक्षा के मद्देनजर युवती से बंदूक अपने कब्जे में लेने का प्रयास किया, लेकिन शुरुआत में उसने बंदूक देने से इनकार कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही परतावल चौकी पुलिस के साथ डायल-112 की टीम भी मौके पर पहुंच गई। पुलिसकर्मियों ने काफी देर तक युवती को समझा-बुझाकर शांत कराया और उसे चौकी पर बैठाया। इसके बाद उसके परिवार के अन्य सदस्यों को भी चौकी बुलाया गया। ग्रामीणों के अनुसार, विवाद परिवार की जमीन के बंटवारे और हिस्सेदारी को लेकर चल रहा है। इसी बात को लेकर परिवार के सदस्यों के बीच विवाद हुआ, जिसके बाद मारपीट का आरोप भी सामने आया। बताया जा रहा है कि विवाद के बाद ही युवती लाइसेंसी बंदूक लेकर चौकी पहुंच गई। परतावल चौकी प्रभारी आलोक राय ने बताया कि मामला पारिवारिक और जमीन विवाद से जुड़ा हुआ है। पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़ें : निचलौल में आपदा संवेदनशील क्षेत्रों का एसडीएम ने किया स्थलीय निरीक्षण, प्रशासन अलर्ट