Maharajganj

सिसवा बाजार में अमृत सरोवर परियोजना में अनियमितता पर कड़ा एक्शन, तीन के निलंबन की संस्तुति

 

 

महराजगंज टाइम्स ब्यूरो- : सिसवा बाजार नगर पालिका के मीरा बाई नगर वार्ड संख्या-25 में करीब चार करोड़ रुपये की लागत से निर्माणाधीन अमृत सरोवर परियोजना में कथित भ्रष्टाचार, घटिया निर्माण और वित्तीय अनियमितताओं की शिकायत पर जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने कड़ा रुख अपनाया है। जांच रिपोर्ट के आधार पर तत्कालीन अधिशासी अधिकारी संदीप कुमार सरोज, अवर अभियंता देवेंद्र कुमार और लिपिक विनोद कुमार के निलंबन की संस्तुति की गई है। वहीं तत्कालीन अधिशासी अधिकारी प्रियंका मिश्रा से स्पष्टीकरण लेने की संस्तुति हुई है। 18 जुलाई 2026 को मिली शिकायत के बाद डीएम ने मामले की जांच के लिए तीन सदस्यीय समिति गठित की थी। इसमें एसडीएम निचलौल, अधिशासी अभियंता प्रांतीय खंड लोक निर्माण विभाग और उपायुक्त श्रम रोजगार को शामिल किया गया। समिति ने परियोजना की स्थलीय और अभिलेखीय जांच कर रिपोर्ट सौंपी। जांच में तालाब में डूबने से तीन बच्चों की मौत की घटना को भी गंभीरता से लिया गया। समिति को निर्माण और पर्यवेक्षण के दौरान अधिकारियों-कर्मचारियों की भूमिका की जांच के निर्देश दिए गए थे। घटना के बाद संबंधित ठेकेदार के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर उसे जेल भेजा जा चुका है। वहीं वर्तमान अधिशासी अधिकारी विंध्याचल को स्पष्टीकरण जारी किया गया है। डीएम ने प्रमुख सचिव नगर विकास को पत्र भेजकर नियमानुसार कार्रवाई की संस्तुति की है। डीएम ने स्पष्ट किया कि सरकारी धन से होने वाले विकास कार्यों में भ्रष्टाचार, घटिया निर्माण और लापरवाही किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं होगी। जनहित से जुड़े कार्यों में दोषी पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों-कर्मचारियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़ें : MAHARAJGANJ : मुडली चौराहे पर युवकों के बीच विवाद का वीडियो वायरल, पुलिस जांच में जुटी