Maharajganj

सीमा पर तस्करी रोकना प्राथमिकता, डीआईजी ने पुलिसिंग को लेकर कसे अफसरों के पेंच

 

महराजगंज टाइम्स ब्यूरो:- भारत-नेपाल सीमा पर अवैध गतिविधियों पर प्रभावी रोक लगाने के साथ अपराध नियंत्रण को लेकर गोरखपुर परिक्षेत्र के डीआईजी एस. चनप्पा ने शुक्रवार को महराजगंज में पुलिस अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। पुलिस लाइन सभागार में हुई बैठक में एसपी शक्ति मोहन अवस्थी, सभी क्षेत्राधिकारी, थाना प्रभारी और शाखा प्रभारी मौजूद रहे। डीआईजी ने भारत-नेपाल सीमा पर अवैध शराब, मादक पदार्थ और पशु तस्करी जैसी गतिविधियों पर पूरी तरह अंकुश लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सीमा क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जाए और अपराधियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित हो।उन्होंने सभी थानों के सीसीटीवी कैमरों को दुरुस्त और हर समय क्रियाशील रखने के निर्देश दिए। यक्ष ऐप के प्रभावी इस्तेमाल के जरिए अपराधियों का सत्यापन और हिस्ट्रीशीटरों की लगातार निगरानी करने को कहा। आईजीआरएस प्रकरणों का समयबद्ध निस्तारण और शांति भंग की आशंका वाले मामलों में तत्काल निरोधात्मक कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए। लूट, नकबजनी और वाहन चोरी की घटनाओं पर नियंत्रण के साथ वारदात होने पर जल्द से जल्द खुलासा करने पर जोर दिया गया। हत्या, गैंगस्टर, पुरस्कार घोषित अपराधियों, महिला अपराध और अपहृता की बरामदगी से जुड़े मामलों में विवेचना तेज करने के निर्देश दिए। महिला सुरक्षा को लेकर मिशन शक्ति, एंटी रोमियो स्क्वाड और महिला हेल्पडेस्क की निगरानी बढ़ाने को कहा गया। साइबर अपराध, यूपी-112 के रिस्पांस टाइम, सोशल मीडिया मॉनिटरिंग और सीएम डैशबोर्ड में सुधार को भी प्राथमिकता दी गई। आईजीआरएस में जिले के प्रथम स्थान पर रहने पर डीआईजी ने संतोष जताते हुए इसे बरकरार रखने के निर्देश दिए। बैठक के बाद उन्होंने पुलिस लाइन का निरीक्षण भी किया।

यह भी पढ़ें : जिले के निजी अस्पताल में इलाज के दौरान व्यक्ति की मौत, परिजनों ने लगाया लापरवाही का आरोप