आग की चपेट में आई पशुओं की घारी, दो गायों की मौत; चार ट्रॉली भूसा जलकर राख
महराजगंज टाइम्स ब्यूरो:- सदर कोतवाली क्षेत्र के अरनहवा गांव में रविवार रात करीब आठ बजे पशुओं की घारी में अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। देखते ही देखते आग ने पूरी घारी को अपनी चपेट में ले लिया। आग की लपटें देखकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और आग बुझाने में जुट गए। ग्रामीणों ने तत्काल घटना की सूचना फायर ब्रिगेड को दी। सूचना पर पहुंची दमकल टीम ने ग्रामीणों के सहयोग से कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि, जब तक आग बुझाई जाती, तब तक घारी में बंधी दो गायें बुरी तरह झुलस चुकी थीं। दोनों गायों की मौके पर ही मौत हो गई। आग की इस घटना में घारी में रखा करीब चार ट्रॉली भूसा भी जलकर पूरी तरह राख हो गया। पशुपालक बागड़ शर्मा पुत्र जीवधन के मुताबिक, घटना में करीब दो लाख रुपये के नुकसान का अनुमान है। आग लगने की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सकी है। घटना के बाद राजस्व विभाग की टीम ने भी मौके पर पहुंचकर नुकसान का जायजा लिया।सदर तहसीलदार पंकज साही ने बताया कि आग की घटना में हुई पशुहानि का नियमानुसार मुआवजा दिलाया जाएगा। इसके लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। वहीं, आग किन परिस्थितियों में लगी, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है।
यह भी पढ़ें : निचलौल नहर में कूदी महिला की दो छात्रों ने बचाई जान, SP महराजगंज ने प्रशस्ति पत्र देकर किया सम्मानित