एसपी शक्ति मोहन के ‘शक्ति’ अभियानों का असर, सड़क हादसों में कमी के मामले में यूपी में नंबर-1 बना महराजगंज
महराजगंज टाइम्स ब्यूरो:- सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर महराजगंज पुलिस की ओर से चलाए जा रहे सघन अभियानों का असर अब आंकड़ों में भी दिखाई देने लगा है। यातायात निदेशालय, उत्तर प्रदेश के जनवरी से अगस्त 2026 तक के आंकड़ों के अनुसार, सड़क दुर्घटनाओं में कमी के मामले में महराजगंज ने प्रदेश के 75 जिलों में प्रथम स्थान हासिल किया है। आधिकारिक आंकड़ों के मुताबिक, जनवरी से अगस्त 2025 के दौरान महराजगंज में 404 सड़क दुर्घटनाएं दर्ज हुई थीं, जबकि इसी अवधि में वर्ष 2026 में यह संख्या घटकर 271 रह गई। इस तरह सड़क दुर्घटनाओं में 32.92 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई। इसी तरह सड़क हादसों में होने वाली मौतों के आंकड़ों में भी गिरावट आई है। वर्ष 2025 में जनवरी से अगस्त तक सड़क दुर्घटनाओं में 261 लोगों की मौत हुई थी, जबकि वर्ष 2026 में यह संख्या घटकर 176 हो गई। यानी मृतकों की संख्या में 32.57 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई। पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन में लगातार चलाए जा रहे सघन वाहन चेकिंग अभियान, ओवरस्पीडिंग पर कार्रवाई, हेलमेट और सीटबेल्ट को लेकर सख्ती, ब्लैक स्पॉट्स पर सुधारात्मक कार्रवाई और सड़क सुरक्षा को लेकर जागरूकता अभियानों का इसमें महत्वपूर्ण योगदान रहा है।।महराजगंज पुलिस का कहना है कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे, ताकि जिले में आमजन का सफर और अधिक सुरक्षित बनाया जा सके।
यह भी पढ़ें : दर्दनाक: पैर फिसलने से मां समेत दो बच्चों की मौत, पकड़ी जंगल में मचा हड़कंप