नेपाल से तस्करी कर लाई जा रही 6040 किलो कद्दू के बीज की खेप बरामद, दो हिरासत में
महराजगंज टाइम्स ब्यूरो:- भारत-नेपाल सीमा पर एसएसबी ने तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए बड़ी मात्रा में कद्दू के बीज बरामद किए हैं। नौतनवा थाना क्षेत्र में चंडीथान टोल प्लाजा के पास 66वीं वाहिनी एसएसबी की टीम ने सूचना के आधार पर सोनौली की तरफ से आ रहे एक ट्रक को रोककर तलाशी ली।
तलाशी के दौरान ट्रक से 151 बोरी कद्दू के बीज, कुल करीब 6040 किलो बरामद हुए। मौके से ट्रक सवार दो लोगों को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में दोनों की पहचान बस्ती जिले के रहने वाले सचिन चौधरी और अरबिंद चौधरी के रूप में हुई। एसएसबी के अनुसार, ट्रक में लदे कद्दू के बीज से संबंधित वैध दस्तावेज चालक के पास नहीं मिले। पूछताछ में ट्रक चालक ने खेप को नेपाल से सोनौली बॉर्डर के रास्ते भारत लाने और आगे बांसी क्षेत्र में जाने की बात बताई।कार्रवाई के बाद एसएसबी ने बरामद कद्दू के बीज, ट्रक और दोनों हिरासत में लिए गए आरोपियों को अग्रिम विधिक कार्रवाई के लिए कस्टम नौतनवा के सुपुर्द कर दिया। अब कस्टम समेत संबंधित जांच एजेंसियां मामले की जांच में जुटी हैं। जांच का मुख्य फोकस खेप को नेपाल से भारत लाने वाले लोगों, इसके आगे के नेटवर्क और तस्करी में शामिल अन्य संभावित लोगों की पहचान पर है। अधिकारियों की जांच के बाद ही पूरे मामले की तस्वीर साफ हो सकेगी।
<!--/data/user/0/com.samsung.android.app.notes/files/clipdata/clipdata_bodytext_260919_112447_237.sdocx-->
यह भी पढ़ें : दर्दनाक: पैर फिसलने से मां समेत दो बच्चों की मौत, पकड़ी जंगल में मचा हड़कंप