Maharajganj

तेज रफ्तार ट्रेलर ने मचाया कहर, दो की मौत से मचा हड़कंप

 

महराजगंज टाइम्स ब्यूरो:- घुघली थाना क्षेत्र के जखीरा चौराहे पर शनिवार रात करीब आठ बजे तेज रफ्तार ट्रेलर ने ई-रिक्शा और स्कूटी में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में स्कूटी सवार दो लोगों की मौत हो गई, जबकि ई-रिक्शा सवार एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। पुलिस के अनुसार, ट्रेलर संख्या BR28GB3052 का चालक कथित तौर पर तेज और लापरवाही से वाहन चला रहा था। जखीरा चौराहे पर ट्रेलर ने ई-रिक्शा संख्या UP56BT2699 और स्कूटी को टक्कर मार दी। हादसे में स्कूटी सवार सुरेश पुत्र त्रिवेणी, निवासी बसंतपुर, थाना घुघली की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं दूसरे बाइक सवार लाल मोहन पुत्र खेदन, निवासी मठिया, थाना घुघली ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। ई-रिक्शा सवार महबूब अंसारी पुत्र मुसाहिब, निवासी मठिया गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र घुघली भेजा गया। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष घुघली पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए महराजगंज भेज दिया। पुलिस ने ट्रेलर और उसके चालक बृजेश कुमार त्रिपाठी, निवासी टीकर परसौनी, थाना चौक को कब्जे में लिया है। पुलिस के मुताबिक तहरीर मिलने के बाद मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़ें : ब्लैक फिल्म और टिंटेड ग्लास पर महराजगंज पुलिस की सख्ती, 84 वाहनों के चालान, 3 सीज