Maharajganj : दो साल तक बंद रही फैजुल्लाह की मौत की फाइल, हाईकोर्ट की सख्ती के बाद रेलवे ट्रैक पर डमी से रिक्रिएशन
महराजगंज टाइम्स ब्यूरो:- घुघली थाना क्षेत्र के पौहरिया निवासी फैजुल्लाह की संदिग्ध मौत का मामला दो साल बाद फिर खुल गया है। पुलिस की ओर से अंतिम रिपोर्ट लगाए जाने के बावजूद परिजनों के सवाल खत्म नहीं हुए। मामला हाईकोर्ट पहुंचा तो कोर्ट की सख्ती और अवमानना नोटिस के बाद पुलिस ने जांच में तेजी दिखाई। अब रेलवे ट्रैक पर डमी रखकर घटना का रिक्रिएशन कराया गया है। फैजुल्लाह 11 अक्टूबर 2024 को रेलवे ट्रैक के किनारे गंभीर हालत में मिले थे। 13 अक्टूबर को इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई थी। परिजनों ने गांव के चार लोगों पर हत्या का आरोप लगाया था, लेकिन पुलिस ने जांच के बाद आरोप प्रमाणित न मिलने की बात कहते हुए अंतिम रिपोर्ट न्यायालय भेज दी। इसके बाद परिजनों ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर भी सवाल उठाए। पुलिस के मुताबिक रिपोर्ट की दोबारा चिकित्सकीय समीक्षा के लिए मामला स्टेट मेडिकोलीगल सेल, लखनऊ भेजा गया। वहां से चोटों को ट्रेन से रन-ओवर इंजरी से संबंधित बताया गया और मौत की परिस्थितियों की पुष्टि के लिए क्राइम सीन के वैज्ञानिक परीक्षण की जरूरत बताई गई। इधर, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट के 30 मार्च 2026 के आदेश में दो महीने के भीतर जांच पूरी करने के निर्देश के बावजूद समय-सीमा बीत गई। इसके बाद मामला हाईकोर्ट पहुंचा और अवमानना नोटिस जारी हुआ। अब 30 सितंबर को हाईकोर्ट में सुनवाई है। एसपी शक्ति मोहन अवस्थी ने कहा कि पुलिस मामले की निष्पक्ष और वैज्ञानिक तरीके से जांच कर रही है। फॉरेंसिक रिक्रिएशन के साक्ष्यों को जांच में शामिल कर तथ्यों के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें : 40 साल का रिकॉर्ड टूटा: नारायणी नदी के रौद्र रूप से महराजगंज में बाढ़ का तांडव, आंधी-बारिश से 4 की मौत