Maharajganj

महराजगंज में 377 स्थलों की जांच, 56 को नोटिस; एसपी शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देश पर चला अभियान

 

महराजगंज टाइम्स ब्यूरो:- जिले में अग्निकांड की घटनाओं पर अंकुश लगाने और सार्वजनिक व व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में अग्नि सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने के लिए महराजगंज पुलिस ने विशेष निरीक्षण अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन में जनपद के सभी थानों की पुलिस ने विभिन्न प्रतिष्ठानों की जांच की। अभियान के दौरान कुल 377 स्थलों का निरीक्षण किया गया, जिसमें 67 स्थानों पर अग्नि सुरक्षा से संबंधित अनियमितताएं सामने आईं। इनमें से 56 प्रतिष्ठानों को नोटिस जारी कर आवश्यक सुधार करने के निर्देश दिए गए। पुलिस के इस अभियान के तहत विद्यालयों, बैंकों, व्यावसायिक प्रतिष्ठानों, लाइब्रेरी, कोचिंग संस्थानों, होटल, रेस्टोरेंट और अन्य भीड़भाड़ वाले सार्वजनिक स्थलों को जांच के दायरे में रखा गया। निरीक्षण के दौरान अग्नि सुरक्षा अनापत्ति प्रमाण-पत्र (फायर एनओसी) की वैधता, अग्निशमन उपकरणों की उपलब्धता, उनकी कार्यशीलता और रखरखाव की स्थिति की जांच की गई। इसके साथ ही आपातकालीन निकास मार्गों तथा आग लगने की स्थिति में लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए की गई व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया गया।

खामियां दूर करने के दिए निर्देश

जांच के दौरान जिन प्रतिष्ठानों में अग्नि सुरक्षा मानकों से जुड़ी कमियां मिलीं, उनके संचालकों और प्रबंधकों को आवश्यक सुधार करने के निर्देश दिए गए। 56 स्थानों पर नोटिस जारी कर निर्धारित सुरक्षा मानकों का अनुपालन सुनिश्चित करने को कहा गया। प्रतिष्ठान संचालकों को अग्निशमन उपकरणों को हमेशा कार्यशील स्थिति में रखने और आपातकालीन निकास मार्गों को बाधारहित बनाए रखने की हिदायत दी गई।पुलिस के अनुसार, अभियान का उद्देश्य अग्नि सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करना, लापरवाही से होने वाली संभावित दुर्घटनाओं को रोकना और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। पुलिस ने स्पष्ट किया कि सुरक्षा मानकों के अनुपालन को लेकर निरीक्षण और जागरूकता अभियान आगे भी जारी रहेंगे।

यह भी पढ़ें : बाढ़ का पानी उतरा तो गांवों को संवारने में जुटा प्रशासन, सोहगीबरवा में युद्धस्तर पर सफाई अभियान