Maharajganj

Maharajganj news: नेपाल में फ्लैश फ्लड से महराजगंज प्रशासन अलर्ट, डीएम बोले- जिले में फिलहाल खतरा नहीं

 

वाल्मीकिनगर बैराज के जलप्रवाह की लगातार निगरानी, सभी संबंधित विभागों को सतर्क रहने के निर्देश

महराजगंज टाइम्स ब्यूरो :- नेपाल के गोरखा जिले के चुमनुबरी ग्रामीण नगरपालिका क्षेत्र में भूस्खलन के कारण स्यार नदी (उंगिलुंग खोला) में बना प्राकृतिक अवरोध अचानक टूटने से फ्लैश फ्लड की घटना सामने आई है। इससे नेपाल के निचले इलाकों में बाढ़ की स्थिति उत्पन्न हुई है। घटना को देखते हुए महराजगंज जिला प्रशासन भी सतर्क हो गया है। जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने रविवार को अपने कार्यालय कक्ष में प्रेस वार्ता कर जिले की स्थिति और प्रशासनिक तैयारियों की जानकारी दी। जिलाधिकारी ने बताया कि यह घटना महराजगंज जिले से लगभग 150 से 180 किलोमीटर उत्तर दिशा में नेपाल के हिमालयी क्षेत्र में हुई है। प्रारंभिक आकलन के अनुसार, इसका महराजगंज की सीमा में कोई विशेष प्रत्यक्ष प्रभाव पड़ने की आशंका नहीं है। फिलहाल जिले में स्थिति सामान्य बनी हुई है। उन्होंने कहा कि एहतियात के तौर पर सभी संबंधित विभागों को अलर्ट कर दिया गया है। प्रशासन संभावित परिस्थितियों पर लगातार नजर रख रहा है और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित की गई हैं। डीएम ने बताया कि वाल्मीकिनगर बैराज के जलस्तर और जलप्रवाह की निरंतर निगरानी की जा रही है। संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय बनाए रखने और जलप्रवाह में किसी भी असामान्य बदलाव की सूचना तत्काल देने के निर्देश दिए गए हैं। संभावित बाढ़ की स्थिति से निपटने के लिए राहत एवं बचाव संबंधी व्यवस्थाएं भी तैयार रखी गई हैं। जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से अपील की कि वे किसी भी अपुष्ट सूचना या अफवाह पर ध्यान न दें और प्रशासन की ओर से जारी आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करें। उन्होंने कहा कि परिस्थितियों के अनुसार आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।

यह भी पढ़ें : Maharajganj :तेज हवा में रेस्टोरेंट का प्रचार बोर्ड बाइक पर गिरा, महिला की मौत