Maharajganj news: लेहड़ा देवी मंदिर पहुंचे डीएम, नवरात्र में सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा
महिला-पुरुष श्रद्धालुओं के लिए अलग प्रवेश-निकास के निर्देश, भीड़ नियंत्रण और स्वास्थ्य सुविधाओं पर जोर
महराजगंज टाइम्स ब्यूरो:- शारदीय नवरात्र और दशहरा पर्व को लेकर महराजगंज प्रशासन सतर्क है। जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने लेहड़ा देवी मंदिर पहुंचकर दर्शन-पूजन किया और श्रद्धालुओं की सुविधा व सुरक्षा के लिए की गई व्यवस्थाओं का जायजा लिया। जिलें में नवरात्र के दौरान श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए डीएम गौरव सिंह सोगरवाल ने लेहड़ा देवी मंदिर परिसर और आसपास की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने मंदिर मार्ग, यातायात, सुरक्षा और साफ-सफाई की स्थिति की जानकारी लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। डीएम ने पुरुषों और महिलाओं के लिए अलग-अलग प्रवेश एवं निकास व्यवस्था सुनिश्चित करने, भीड़भाड़ वाले स्थानों पर बैरिकेडिंग कराने और वाहनों की व्यवस्थित पार्किंग के निर्देश दिए। साथ ही स्वच्छ पेयजल, नियमित साफ-सफाई और जरूरत के अनुसार मोबाइल शौचालय की व्यवस्था कराने को कहा। उन्होंने आपात स्थिति से निपटने के लिए एंबुलेंस और मेडिकल टीम तैयार रखने तथा महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने सभी विभागों को आपसी समन्वय से काम करते हुए श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को प्राथमिकता देने को कहा। निरीक्षण के दौरान एसडीएम फरेंदा प्रेम शंकर पांडेय, फरेंदा क्षेत्राधिकारी दीप शिखा वर्मा, तहसीलदार वशिष्ठ वर्मा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
यह भी पढ़ें : महराजगंज में 377 स्थलों की जांच, 56 को नोटिस; एसपी शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देश पर चला अभियान