Maharajganj

मतदाता सूची में नाम जुड़वाने का विशेष मौका, 17 व 24 अक्तूबर को सभी बूथों पर लगेंगे विशेष कैंप

 

-18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवाओं और छूटे हुए अर्ह नागरिकों के लिए ऑनलाइन व ऑफलाइन आवेदन की सुविधा

महराजगंज टाइम्स ब्यूरो:- भारत निर्वाचन आयोग एवं मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश के निर्देशानुसार जनपद में मतदाता सूची को अपडेट करने का कार्य तेजी से शुरू हो गया है। निर्वाचक नामावली में नाम दर्ज कराने से छूटे हुए अर्ह नागरिकों तथा पहली बार मतदाता बनने वाले युवाओं के नाम शामिल करने के लिए जिले भर के सभी मतदान केंद्रों पर आगामी 17 अक्तूबर शनिवार व 24 अक्तूबर शनिवार को विशेष कैंप आयोजित किए जाएंगे। जिला निर्वाचन अधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने बताया कि जिन नागरिकों ने 18 वर्ष की आयु पूरी कर ली है या जिनका नाम 10 अप्रैल 2026 को प्रकाशित अंतिम मतदाता सूची में दर्ज नहीं हो पाया है, वे इस विशेष कैंप का लाभ उठा सकते हैं। अर्ह मतदाताओं को आवेदन के लिए अपनी नवीनतम पासपोर्ट साइज फोटो, निवास प्रमाण पत्र की स्व-प्रमाणित छायाप्रति तथा परिवार के किसी सदस्य के मतदाता पहचान पत्र की संख्या साथ लानी होगी। संबंधित बूथ लेवल अधिकारी मौके पर ही उनसे फार्म-6 प्राप्त कर पंजीकरण की प्रक्रिया पूरी करेंगे। निर्वाचन कार्यालय के अनुसार विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत 17 व 24 अक्तूबर को जिले के समस्त बूथ लेवल अधिकारी व सुपरवाइजर सुबह 10 बजे से अपराह्न 4 बजे तक अपने-अपने निर्धारित बूथों पर उपस्थित रहेंगे। उनके पास 10 अप्रैल 2026 को प्रकाशित अंतिम निर्वाचक नामावली तथा उसके बाद की सभी पूरक सूचियां उपलब्ध रहेंगी। अभियान को पारदर्शी व शत-प्रतिशत सफल बनाने के लिए समस्त निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों व सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों को विशेष निर्देश दिए गए हैं। दोनों शनिवार को अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार भ्रमणशील रहकर बीएलओ व सुपरवाइजरों की उपस्थिति और कैंपों की कार्यप्रणाली की निगरानी करेंगे।डीएम गौरव सिंह सोगरवाल ने बताया कि 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके युवाओं और छूटे हुए सभी अर्ह नागरिकों के लिए मतदाता सूची में नाम जुड़वाने का यह सुनहरा अवसर है। 17 और 24 अक्तूबर को सभी बूथों पर विशेष कैंप लगाए जा रहे हैं। सभी बीएलओ को समय से उपस्थित रहने के निर्देश दिए गए हैं। पात्र नागरिक आवश्यक दस्तावेजों के साथ अपने बूथ पर पहुंचकर फार्म-6 जरूर भरें।

यह भी पढ़ें : संचारी रोग अभियान में लापरवाही बरतने पर दो सफाईकर्मी निलंबित