Maharajganj

70.40 लाख के भुगतान में अनियमितता, ग्राम पंचायत अधिकारी निलंबित

 

पनियरा ब्लॉक की आठ ग्राम पंचायतों में बिना भौतिक सत्यापन के भुगतान का आरोप, परतावल के एडीओ पंचायत को सौंपी गई जांच

महराजगंज टाइम्स ब्यूरो :- शासनादेशों और जिलाधिकारी के निर्देशों की अवहेलना तथा वित्तीय एवं प्रशासनिक अनियमितताओं के आरोप में विकास खंड पनियरा में तैनात ग्राम पंचायत अधिकारी ओमप्रकाश सिंह को निलंबित कर दिया गया है। जिला पंचायत राज अधिकारी श्रेया मिश्रा ने यह कार्रवाई करते हुए उनके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्यवाही भी प्रस्तावित की है। जारी निलंबन आदेश के अनुसार, पनियरा ब्लॉक की आठ ग्राम पंचायतों सोहास, ऋषपुर, धनघटी, खजुरिया, तेंदुहिया, सुभितपुर, मोहद्दीनपुर और कनैला में 15वें एवं पंचम वित्त आयोग की धनराशि से कराए गए कार्यों के भुगतान में अनियमितता का आरोप है। इन ग्राम पंचायतों में सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) के भौतिक सत्यापन के बिना कुल 70 लाख 40 हजार 868 रुपये का भुगतान किए जाने का उल्लेख किया गया है। इसके अलावा डिजिटल लाइब्रेरी, पंचायत सचिवालय और सामुदायिक शौचालय के अधूरे कार्यों के साथ ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन के कार्यों को प्राथमिकता देने संबंधी शासन के निर्देशों की अनदेखी कर अन्य कार्य कराए जाने का भी आरोप लगाया गया है। निलंबन अवधि में ग्राम पंचायत अधिकारी को नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता मिलेगा। प्रकरण की जांच के लिए सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) परतावल को जांच अधिकारी नामित किया गया है। वहीं, संबंधित आठों ग्राम पंचायतों में कराए गए कार्यों का स्थलीय सत्यापन कर जांच आख्या प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। जिला पंचायत राज अधिकारी श्रेया मिश्रा ने स्पष्ट किया है कि सरकारी धन के दुरुपयोग, वित्तीय अनियमितता और शासनादेशों की अवहेलना के मामलों में नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़ें : महराजगंज में 11 केंद्रों पर होगी PET-2026 परीक्षा, 4872 अभ्यर्थी होंगे शामिल; सुरक्षा को लेकर पुलिस अलर्ट