रन फॉर यूनिटी से गूंजा एकता का संदेश, सरदार पटेल को किया नमन
राष्ट्रीय एकता दिवस पर पं. दीनदयाल इंटर कॉलेज में हुए विविध आयोजन,छात्र-छात्राओं ने ली एकता और अखंडता की शपथ
महराजगंज टाइम्स ब्यूरो:- पं. दीनदयाल इंटर कॉलेज में शनिवार को देश के प्रथम उप प्रधानमंत्री एवं गृहमंत्री सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में मनाई गई। राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) और राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने रन फॉर यूनिटी के माध्यम से देश की एकता और अखंडता का संदेश दिया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. शैलेन्द्र प्रताप सिंह ने सरदार पटेल के चित्र पर पुष्प अर्पित कर किया। इस दौरान शिक्षक-शिक्षिकाओं और विद्यार्थियों ने भी उन्हें श्रद्धांजलि दी। इसके बाद प्रधानाचार्य ने सभी छात्र-छात्राओं को राष्ट्र की एकता, अखंडता और सुरक्षा बनाए रखने की शपथ दिलाई। उन्होंने रन फॉर यूनिटी को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। आयोजित गोष्ठी को संबोधित करते हुए डॉ. शैलेन्द्र प्रताप सिंह ने कहा कि सरदार पटेल सही मायने में लौहपुरुष थे। आजादी के बाद देशी रियासतों का एकीकरण कर अखंड भारत के निर्माण में उनका योगदान अतुलनीय है। देश उनकी दूरदर्शिता, साहस और राष्ट्र के प्रति समर्पण के लिए सदैव ऋणी रहेगा। उन्होंने कहा कि बारदोली सत्याग्रह से लेकर देश की आजादी के बाद तक सरदार पटेल ने अपने नेतृत्व और दृढ़ इच्छाशक्ति से राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। कार्यक्रम में एनसीसी कैडेट हिमांशु पटेल, आदर्श, विपिन कुमार, अनंत तिवारी, नितिन यादव, अंजली सिंह, रोशनी मद्धेशिया, नीलाक्षी पाण्डेय, दिव्या और शिवकुमार सहित अन्य कैडेट मौजूद रहे। आयोजन को सफल बनाने में एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी जितेंद्र कुमार वर्मा और एनसीसी अधिकारी राकेश कुमार साहनी का विशेष योगदान रहा।
यह भी पढ़ें : महराजगंज में 11 केंद्रों पर होगी PET-2026 परीक्षा, 4872 अभ्यर्थी होंगे शामिल; सुरक्षा को लेकर पुलिस अलर्ट