दीपावली की शाम सोनौली में धू-धू कर जला ट्रक, कोतवाली के सामने मची अफरा-तफरी
कैबिन पर जलाए गए दीपक से आग लगने की आशंका, भारतीय और नेपाली दमकल टीमों ने मिलकर पाया काबू
महराजगंज टाइम्स ब्यूरो :- भारत-नेपाल सीमा के सोनौली कस्बे में दीपावली की देर शाम उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब सोनौली कोतवाली के सामने स्थित निर्माणाधीन पार्किंग स्थल में खड़े एक मालवाहक ट्रक में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने वाहन के कैबिन को अपनी चपेट में ले लिया और वह धू-धू कर जलने लगा। घटना में ट्रक का कैबिन पूरी तरह जलकर क्षतिग्रस्त हो गया। जानकारी के मुताबिक, बिहार निवासी ट्रक चालक शंकर यादव ने दीपावली के अवसर पर अपने मालवाहक वाहन पर दीपक जलाया था। आशंका जताई जा रही है कि दीपक से निकली चिंगारी के कारण वाहन में आग लगी होगी। हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। घटना की सूचना मिलते ही सोनौली पुलिस सक्रिय हो गई। थानाध्यक्ष विशाल कुमार शुक्ला पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और तत्काल अग्निशमन विभाग को सूचना दी। नौतनवा में मौजूद महराजगंज की दमकल टीम के साथ नेपाल की दमकल टीम को भी बुलाया गया। दोनों देशों की दमकल गाड़ियों ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाई। हालांकि, दमकल टीमों के पहुंचने से पहले ही ट्रक का कैबिन जल चुका था। गनीमत रही कि आग आसपास खड़े अन्य वाहनों तक नहीं पहुंची, जिससे बड़ा हादसा टल गया। दीपावली के उत्साह के बीच हुई इस घटना ने वाहन चालकों और स्थानीय लोगों को सतर्क रहने का संदेश दिया।
यह भी पढ़ें : बिना हेलमेट बाइक चलाने वालों पर पुलिस का शिकंजा, 35 वाहन सीज 30 के चालान
