धानी घाट पुल पर नदी में डूबे युवक की तलाश जारी, अंधेरे में सुरक्षा इंतजामों की खुली पोल; चौकी इंचार्ज निलंबित
मूर्ति विसर्जन के दौरान हुआ हादसा, सुबह पहुंची जिले की बचाव टीम; युवक की तलाश में जुटे गोताखोर, मौके पर उमड़ी भीड़
महराजगंज टाइम्स ब्यूरो:- बृजमनगंज थाना क्षेत्र के धानी घाट पुल पर मूर्ति विसर्जन के दौरान नदी में डूबे ग्रामसभा नौसागर निवासी रमेश कुमार की तलाश लगातार जारी है। घटना के बाद घाट पर सुरक्षा और रोशनी की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने को लेकर प्रशासनिक इंतजामों पर सवाल खड़े हो गए हैं। मामले को गंभीरता से लेते हुए एसपी शक्ति मोहन अवस्थी ने धानी चौकी इंचार्ज को निलंबित कर दिया है। जानकारी के अनुसार, मूर्ति विसर्जन के दौरान रमेश कुमार नदी में डूब गए। घटना के समय घाट पर पर्याप्त रोशनी और सुरक्षा व्यवस्था नहीं होने की बात सामने आई है। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने युवक की तलाश शुरू की, लेकिन सफलता नहीं मिली। वहीं, अंधेरा होने के कारण रात में तलाश अभियान प्रभावित रहा। सुबह होते ही जिले से बचाव दल घटनास्थल पर पहुंचा और नदी में युवक की तलाश शुरू कर दी। बचाव दल की टीम नदी में संभावित स्थानों पर खोजबीन कर रही है। घटना की जानकारी मिलते ही सुबह से ही घाट पर ग्रामीणों और आसपास के लोगों की भारी भीड़ जुट गई। स्थानीय थाने की पुलिस भी मौके पर मौजूद है और बचाव अभियान पर नजर बनाए हुए है। हादसे के बाद घाट पर मूर्ति विसर्जन के दौरान सुरक्षा इंतजामों को लेकर कई सवाल उठ रहे हैं। फिलहाल बचाव दल की कार्रवाई जारी है और परिजन युवक के सकुशल मिलने की उम्मीद लगाए हुए हैं।
यह भी पढ़ें : पटाखों के विवाद ने थाने में मचाया घमासान! हेड मुहर्रिर ने खाया जहर, सुसाइड नोट में थाना प्रभारी समेत सात पर आरोप
