एक चेहरा, कई पहचान: फर्जी भारतीय दस्तावेजों के साथ इंडोनेशियाई महिला नेपाल बॉर्डर पर गिरफ्तार
महराजगंज टाइम्स ब्यूरो,:- भारत-नेपाल की संवेदनशील सोनौली सीमा पर सुरक्षा और इमिग्रेशन एजेंसियों ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक इंडोनेशियाई महिला को फर्जी भारतीय पहचान पत्रों के साथ गिरफ्तार किया है। महिला अपनी वास्तविक विदेशी पहचान छिपाकर अलग-अलग नाम और जन्मतिथि के आधार पर तैयार किए गए भारतीय दस्तावेजों का इस्तेमाल कर रही थी। घटना 10 नवंबर 2026 की है। सोनौली इमिग्रेशन कार्यालय में नियमित जांच के दौरान एक महिला की गतिविधियां संदिग्ध लगने पर अधिकारियों ने उसे रोका। पूछताछ के दौरान महिला ने खुद को भारतीय नागरिक साबित करने के लिए एक वोटर आईडी कार्ड दिखाया। इस कार्ड पर उसका नाम 'ली किम लिएन' (Li Kim Lien), पिता का नाम 'ली चिन सेन' और पता न्यू तांगरा रोड, तांगरा, कोलकाता (पश्चिम बंगाल) अंकित था। हालांकि, महिला के बात करने के तरीके और हाव-भाव से इमिग्रेशन अधिकारियों को उसके विदेशी नागरिक होने का गहरा संदेह हुआ।अधिकारियों ने जब महिला से सख्ती से पूछताछ की और उसके सामान की तलाशी ली, तो पूरा मामला खुल गया। उसके कब्जे से इंडोनेशिया का असली पासपोर्ट बरामद हुआ, जिसमें उसका नाम 'रोहाना' (Rohana) और राष्ट्रीयता इंडोनेशियाई दर्ज है। इसके अलावा, तलाशी के दौरान महिला के पास से अलग-अलग नाम और जन्मतिथि से बने भारतीय वोटर आईडी, आधार कार्ड और दो पैन कार्ड सहित कुल पांच संदिग्ध दस्तावेज बरामद हुए। इमिग्रेशन कार्यालय के अधिकारियों ने महिला और बरामद किए गए सभी पांचों दस्तावेजों को आवश्यक कानूनी कार्रवाई के लिए थाना सोनौली पुलिस के सुपुर्द कर दिया है। पुलिस ने प्राप्त तहरीर के आधार पर महिला के खिलाफ भारतीय दस्तावेजों में कूटरचना (फर्जीवाड़ा) और उनके दुरुपयोग की सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस अब इस नेटवर्क की तह तक जाने के लिए जांच कर रही है कि महिला ने ये फर्जी भारतीय दस्तावेज कहां से और किसके सहयोग से बनवाए थे।
यह भी पढ़ें : पटाखों के विवाद ने थाने में मचाया घमासान! हेड मुहर्रिर ने खाया जहर, सुसाइड नोट में थाना प्रभारी समेत सात पर आरोप
