Maharajganj

पराली जलाने पर प्रशासन का शिकंजा: निचलौल में 46 किसानों पर 1.15 लाख का जुर्माना, मचा हड़कंप

 

35 से 40 गांवों में सामने आए पराली जलाने के मामले, एसडीएम अवनीश त्रिपाठी के निर्देश पर हुई कार्रवाई

महराजगंज टाइम्स ब्यूरो:- खेतों में पराली जलाने वाले किसानों के खिलाफ निचलौल तहसील प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। लगातार जागरूकता अभियान और चेतावनी के बावजूद खेतों में पराली जलाने के मामले सामने आने पर प्रशासन ने 46 किसानों पर कार्रवाई करते हुए कुल 1 लाख 15 हजार रुपये का जुर्माना लगाया है। इस कार्रवाई से पराली जलाने वाले किसानों में हड़कंप मच गया है। जानकारी के मुताबिक, निचलौल तहसील क्षेत्र के करीब 35 से 40 गांवों में पराली जलाने की घटनाएं सामने आई थीं। जांच में 46 किसानों को जिम्मेदार पाए जाने के बाद गुरुवार को एसडीएम अवनीश त्रिपाठी के निर्देश पर आर्थिक दंड लगाया गया। बताया गया है कि दो एकड़ तक की भूमि वाले किसानों पर प्रति किसान 2,500 रुपये का जुर्माना निर्धारित किया गया है।एसडीएम अवनीश त्रिपाठी ने स्पष्ट किया कि पराली जलाना पर्यावरण और मिट्टी दोनों के लिए नुकसानदायक है। किसानों को लगातार जागरूक किया जा रहा है। इसके बावजूद नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की गई है। उन्होंने चेतावनी दी कि आगे भी पराली जलाने वालों को किसी तरह की रियायत नहीं दी जाएगी और अभियान जारी रहेगा।गौरतलब है कि पराली जलाने से निकलने वाला धुआं वायु प्रदूषण बढ़ाता है। वहीं आग से मिट्टी के पोषक तत्व और लाभकारी सूक्ष्मजीव भी नष्ट होते हैं, जिससे खेतों की उर्वरता प्रभावित होती है। प्रशासन ने किसानों से फसल अवशेष जलाने के बजाय उनका उचित प्रबंधन करने की अपील की है।

यह भी पढ़ें : पटाखों के विवाद ने थाने में मचाया घमासान! हेड मुहर्रिर ने खाया जहर, सुसाइड नोट में थाना प्रभारी समेत सात पर आरोप