अपराध

Maharajganj crime : फरेंदा में नाबालिग की निर्मम हत्या, प्रेम प्रसंग की आशंका के बीच खेत में मिला शव, परिजनों ने अंतिम संस्कार से किया इनकार

 

महराजगंज टाइम्स ब्यूरो : जिले के फरेंदा थाना क्षेत्र में नाबालिग युवक की निर्मम हत्या से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। लेजार महदेवा गांव के पास एक गेहूं के खेत के किनारे 17 वर्षीय आदित्य चौरसिया का शव बरामद किया गया। मृतक की पहचान फरेंदा थाना क्षेत्र के ग्राम बैकुंठपुर निवासी आदित्य चौरसिया के रूप में हुई है। शव की स्थिति और घटनास्थल के हालात से यह स्पष्ट है कि हत्या सुनियोजित तरीके से की गई है। जानकारी के अनुसार आदित्य बीते 2 फरवरी की रात दोस्तों के साथ आर्केस्ट्रा देखने के लिए घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। काफी तलाश के बाद भी जब उसका कोई सुराग नहीं मिला तो परिजनों ने 4 फरवरी को फरेंदा थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। इसके बाद शुक्रवार को उसका शव गांव के बाहर स्थित खेत से मिलने की सूचना ने क्षेत्र में हड़कंप मचा दिया। पुलिस जांच में सामने आया है कि मृतक का एक पैर रस्सी से बंधा हुआ था, जिससे हत्या की बेरहमी का अंदाजा लगाया जा सकता है। सूचना मिलने पर फरेंदा पुलिस के साथ डॉग स्क्वायड और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाने में लगी रही। अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ ने बताया कि प्रारंभिक जांच में प्रेम प्रसंग का एंगल सामने आ रहा है। बताया जा रहा है कि आदित्य किसी पड़ोसी गांव की लड़की से फोन पर बातचीत करता था। इसी कड़ी में पुलिस ने कई संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।पोस्टमार्टम के बाद जब शव घर पहुंचा तो परिजनों का आक्रोश फूट पड़ा। उन्होंने हत्यारों की गिरफ्तारी और अहम साक्ष्य—मृतक का मोबाइल फोन व जूता—बरामद होने तक अंतिम संस्कार से इनकार कर दिया। परिजनों का कहना है कि उन्हें केवल आश्वासन नहीं, बल्कि त्वरित और ठोस कार्रवाई चाहिए। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए सीओ फरेंदा अनिरुद्ध कुमार मौके पर पहुंचकर परिजनों को समझाने में जुटे हैं। वहीं, किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए गांव में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस प्रशासन का दावा है कि जल्द ही हत्याकांड का खुलासा कर दोषियों को गिरफ्तार किया जाएगा।

यह भी पढ़ें : मामूली विवाद बना हिंसक, घर में घुसकर पड़ोसी ने मचाया उत्पात, महिलाओं से की बर्बरता