अपराध

नाली विवाद के बाद दो वर्षीय बच्ची की संदिग्ध मौत, शव लेकर एसपी दफ्तर पहुंचे परिजन

 

इलाज के दौरान दो वर्षीय बच्ची की मौत, क्षेत्र में फैली सनसनी

पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद कार्रवाई का दावा

महराजगंज टाइम्स ब्यूरो:- जनपद के चौक थाना क्षेत्र में नाली निर्माण को लेकर हुआ विवाद आखिरकार एक मासूम की जान पर भारी पड़ गया। दो वर्षीय बच्ची की इलाज के दौरान मौत हो जाने से पूरे इलाके में आक्रोश और शोक का माहौल है। न्याय की मांग को लेकर परिजन बच्ची का शव लेकर पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे।पीड़ित महिला के अनुसार, बीते दो फरवरी को गांव में नाली निर्माण को लेकर कुछ लोगों से विवाद हुआ था। देखते ही देखते विवाद ने उग्र रूप ले लिया। आरोप है कि गांव के आधा दर्जन से अधिक लोग महिला के घर में घुस आए और गाली-गलौज करते हुए मारपीट करने लगे। महिला का कहना है कि आरोपितों ने उसके बाल पकड़कर उसे घर से बाहर घसीटा। इसी दौरान उसकी गोद में मौजूद दुधमुंही बच्ची को छीनकर खेत में फेंक दिया गया, जिससे बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई।घटना के तुरंत बाद परिजन बच्ची को इलाज के लिए अस्पताल ले गए, जहां उसकी हालत लगातार नाजुक बनी रही। कई दिनों तक जिंदगी और मौत से जूझने के बाद रविवार, 09 फरवरी को बच्ची की मौत हो गई। मासूम की मौत से परिवार में कोहराम मच गया है। बच्ची की मौत से आक्रोशित परिजन शव लेकर पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। इस संबंध में चौक थाना प्रभारी ओमप्रकाश गुप्ता ने बताया कि नाली विवाद को लेकर महिला और उसकी जेठानी के खिलाफ पहले से एससी/एसटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज है। बच्ची की मौत के मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है।

   

यह भी पढ़ें : मामूली विवाद बना हिंसक, घर में घुसकर पड़ोसी ने मचाया उत्पात, महिलाओं से की बर्बरता