अपराध

प्रेम संबंध बना मौत का कारण : प्रेमिका के घर से 700 मीटर दूर मिला प्रेमी का शव, पुलिस ने किया खुलासा

 

महराजगंज टाइम्स ब्यूरो:- प्रेम संबंधों से उपजे सामाजिक दबाव ने एक युवक की बेरहमी से जान ले ली। थाना फरेंदा क्षेत्र में हुए सनसनीखेज हत्याकांड का महराजगंज पुलिस ने खुलासा करते हुए दो नामजद आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक नाबालिग अपचारी को हिरासत में लिया गया है। पुलिस जांच में सामने आया कि सामाजिक बदनामी के डर से योजनाबद्ध तरीके से युवक की हत्या कर दी गई और शव को प्रेमिका के घर से करीब 700 मीटर दूर खेत में छिपा दिया गया। पुलिस अधीक्षक सोमेन्द्र मीना के निर्देशन एवं अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ के मार्गदर्शन में गठित टीम ने इस हत्याकांड की गुत्थी सुलझाई। पुलिस के अनुसार, 02 फरवरी 2026 को बैकुण्ठपुर निवासी आदित्य चौरसिया तिलक-एनिवर्सरी देखने के बहाने घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। परिजनों द्वारा गुमशुदगी दर्ज कराए जाने के बाद पुलिस ने उसकी तलाश शुरू की। चार दिन बाद 06 फरवरी को फरेंदा थाना क्षेत्र के लेजार महदेवा गांव स्थित दुबौलिया पोखरा के पास गेहूं के खेत से आदित्य का शव बरामद हुआ। चौंकाने वाली बात यह रही कि शव उसी इलाके में मिला, जहां मुख्य आरोपी की नाबालिग बेटी रहती थी। पुलिस के मुताबिक, शव प्रेमिका के घर से महज लगभग 700 मीटर की दूरी पर फेंका गया था, जिससे इलाके में दहशत फैल गई और मामला और भी संवेदनशील हो गया।तफ्तीश में खुलासा हुआ कि मृतक आदित्य का मुख्य आरोपी मथुरा गुप्ता की नाबालिग बेटी से प्रेम संबंध था। इस रिश्ते के उजागर होने से सामाजिक बदनामी और लोकलाज के भय में आरोपियों ने आदित्य को बुलाकर उसकी नृशंस हत्या कर दी। वारदात के बाद शव को तालाब के पास गेहूं के खेत में फेंक दिया गया, ताकि मामला गुमशुदगी या हादसे का लगे।फील्ड यूनिट, डॉग स्क्वायड और सर्विलांस की मदद से जुटाए गए ठोस साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने मथुरा गुप्ता और प्रदीप गुप्ता को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों की निशानदेही पर मृतक का मोबाइल फोन और हत्या में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी बरामद की गई है। पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

यह भी पढ़ें : मामूली विवाद बना हिंसक, घर में घुसकर पड़ोसी ने मचाया उत्पात, महिलाओं से की बर्बरता