बकरी के केले का पत्ता खाने से शुरू हुआ विवाद बना खूनी संघर्ष, दुकानदार की मौत
कोल्हुई क्षेत्र के जंगल गुलरिहा तुलसीपुर चौराहे की घटना, कुदाल के बेंट से हमला करने का आरोप; पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
महराजगंज टाइम्स ब्यूरो:- जिले के कोल्हुई थाना क्षेत्र में मामूली बात को लेकर शुरू हुआ विवाद शुक्रवार को खूनी झड़प में बदल गया। बकरी द्वारा केले का पत्ता खा लेने को लेकर दो चाय दुकानदारों के बीच शुरू हुई कहासुनी ने ऐसा रूप लिया कि एक व्यक्ति की जान चली गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।कोल्हुई थाना क्षेत्र के जंगल गुलरिहा तुलसीपुर चौराहे पर दो चाय दुकानदारों के बीच चल रहा विवाद शुक्रवार को हिंसक हो गया। जानकारी के अनुसार रामअवतार और श्याम मोहन उर्फ छोटू चौहान की चाय की दुकानें चौराहे पर आमने-सामने स्थित हैं। बताया जा रहा है कि दो दिन पहले बकरी द्वारा केले का पत्ता खा लेने को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई थी। उस समय तो मामला किसी तरह शांत हो गया, लेकिन दोनों के बीच तनाव बना हुआ था। शुक्रवार दोपहर करीब तीन बजे रामअवतार अपनी दुकान पर जलौनी लकड़ी लेकर पहुंचे थे। इसी दौरान पास में मौजूद छोटू चौहान और उसकी पत्नी से फिर से कहासुनी शुरू हो गई। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर छोटू चौहान ने कुदाल के बेंट से रामअवतार पर हमला कर दिया। वार इतना जोरदार था कि रामअवतार गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़े।घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। परिजन और आसपास के ग्रामीण घायल रामअवतार को तत्काल लक्ष्मीपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले गए, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही कोल्हुई थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बना हुआ है। इस संबंध में कोल्हुई थाना प्रभारी अखिलेश सिंह ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और तहरीर के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
यह भी पढ़ें : संपत्ति विवाद में खून का रिश्ता हुआ तार-तार, पोते ने दादा का गला रेतने की कोशिश