टेलीग्राम-एक्स पर चलता था घिनौना खेल, बाल अश्लील सामग्री बेचने वाले चार गिरफ्तार
महराजगंज टाइम्स ब्यूरो:- साइबर थाना और सिंदुरिया पुलिस की संयुक्त टीम ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म टेलीग्राम और एक्स (पूर्व में ट्विटर) के जरिए बाल अश्लील सामग्री का अवैध कारोबार करने वाले चार युवकों को गिरफ्तार कर एक संगठित ऑनलाइन नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी फर्जी आईडी बनाकर प्रतिबंधित सामग्री के लिंक बेचते थे और ऑनलाइन भुगतान लेकर लोगों तक पहुंचाते थे। जांच में सामने आया कि आरोपी पहले ग्राहकों को एक सैंपल लिंक भेजकर भरोसा दिलाते थे। इसके बाद पूरी सामग्री उपलब्ध कराने के नाम पर 290 से 499 रुपये तक ऑनलाइन वसूली करते थे। पुलिस का कहना है कि गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपियों ने फर्जी नाम-पते और जाली आधार कार्ड के जरिए सिम कार्ड भी हासिल किए थे। सिंदुरिया क्षेत्र के कसमरिया गांव में छापेमारी के दौरान पुलिस ने चार मोबाइल फोन, एक डेस्कटॉप कंप्यूटर, सीपीयू, डेटा केबल, एक्सटेंशन बोर्ड और अन्य डिजिटल उपकरण बरामद किए। इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस की जांच में एक फर्जी आधार कार्ड तथा आपत्तिजनक डिजिटल सामग्री से जुड़े साक्ष्य भी मिले हैं। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आकाश शर्मा (19), अरुण गौड़ (20), अनुज पटेल (19) और दिनेश गौड़ (19) निवासी कसमरिया के रूप में हुई है। सीओ साइबर क्राइम दीपशिखा वर्मा ने बताया कि साइबर सर्विलांस और डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर पूरे नेटवर्क को ट्रैक कर यह कार्रवाई की गई। आरोपियों के खिलाफ बीएनएस, आईटी एक्ट की धारा 67, 67ए, 67बी तथा पॉक्सो एक्ट की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया गया, जहां से जेल भेज दिया गया। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि ऐसी किसी भी संदिग्ध ऑनलाइन गतिविधि की सूचना तत्काल साइबर हेल्पलाइन 1930 पर दें।
यह भी पढ़ें : कोतवाली पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 69.90 ग्राम स्मैक के साथ युवक-युवती गिरफ्तार