कैशबैक का झांसा देकर पीडब्ल्यूडी जेई से चार लाख की ठगी
बैंककर्मी बनकर शातिर ने मांगा ओटीपी, मोबाइल हैक कर क्रेडिट कार्ड और पर्सनल लोन की रकम उड़ाई
महराजगंज टाइम्स ब्यूरो-: सदर कोतवाली क्षेत्र में साइबर ठगी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। साइबर ठग ने खुद को बैंक कर्मचारी बताकर लोक निर्माण विभाग के अवर अभियंता (जेई) को कैशबैक का झांसा दिया और ओटीपी हासिल कर करीब चार लाख रुपये की ठगी कर ली। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक नेपाल बॉर्डर लोक निर्माण विभाग निर्माण खंड-1 में तैनात जेई सतीश कुमार गौतम के मोबाइल पर एक अज्ञात व्यक्ति ने फोन किया। आरोपी ने खुद को एचडीएफसी बैंक का कर्मचारी दिनेश कुमार बताया। उसने क्रेडिट कार्ड पर बड़ा कैशबैक मिलने का झांसा दिया। बातचीत के दौरान आरोपी ने मोबाइल पर आया ओटीपी पूछ लिया।
ओटीपी मिलते ही आरोपी ने जेई के मोबाइल और बैंकिंग सेवाओं पर नियंत्रण हासिल कर लिया। इसके बाद क्रेडिट कार्ड से 99,408 रुपये निकाल लिए। इतना ही नहीं, खाते से 3,11,901 रुपये का पर्सनल लोन भी स्वीकृत करा लिया। इसमें से 2,99,999 रुपये तत्काल इंडसइंड बैंक के एक अज्ञात खाते में ट्रांसफर कर दिए। खाते से कुल 3,99,407 रुपये कटने का मैसेज मिलने पर जेई को ठगी का पता चला। उन्होंने तत्काल सदर कोतवाली पहुंचकर पुलिस को तहरीर दी। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। साइबर सेल बैंक खाते, मोबाइल नंबर और रकम के ट्रांजेक्शन की जांच में जुटी है।
<!--/data/user/0/com.samsung.android.app.notes/files/clipdata/clipdata_bodytext_260909_192751_714.sdocx-->
यह भी पढ़ें : नेपाल बॉर्डर पर नौ लाख का ‘लावारिस’ माल बरामद, पुलिस-राजस्व टीम की बड़ी कार्रवाई