पेड़ से लटका मिला युवक का शव, हत्या की आशंका से मचा हड़कंप
महराजगंज टाइम्स ब्यूरो:- निचलौल थाना क्षेत्र के बरगदही गांव के पास शनिवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब खेत के किनारे सागौन के पेड़ से एक युवक का शव मफलर के सहारे लटका मिला। शव की स्थिति देखकर ग्रामीणों के बीच तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं। बताया जा रहा है कि युवक के दोनों पैर जमीन पर टिके हुए थे, जिससे मामला संदिग्ध नजर आ रहा है। सुबह खेतों की ओर निकले ग्रामीणों ने पेड़ से शव लटका देखा तो तत्काल पुलिस को सूचना दी। कुछ ही देर में घटनास्थल पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलते ही निचलौल पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतरवाकर आसपास के इलाके की जांच-पड़ताल शुरू की। मृतक की पहचान अरुण राजभर (28) पुत्र रामप्रसाद राजभर, निवासी कोहड़वल टोला सिसवा डीह के रूप में हुई है। घटनास्थल से कुछ दूरी पर उसकी बाइक भी बरामद हुई है। युवक के पैर जमीन पर टिके होने और बाइक मिलने के कारण ग्रामीणों ने हत्या के बाद शव को पेड़ से लटकाए जाने की आशंका जताई है। हालांकि, पुलिस ने अभी तक किसी निष्कर्ष की पुष्टि नहीं की है।थाना प्रभारी निरीक्षक योगेंद्र कुमार राय ने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही युवक की मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।
यह भी पढ़ें : प्रेम पोखरा मेले में दो गुटों में भिड़ंत, जमकर चले लात-घूसे, मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल