अपराध

अधिकारियों के नाम पर कमीशन मांगने का आरोप, वरिष्ठ सहायक पर मुकदमा

 

 

महराजगंज टाइम्स ब्यूरो :- विधायक निधि से जुड़े काम में अधिकारियों के नाम पर कथित कमीशन मांगने का वीडियो वायरल होने के बाद विकास भवन में तैनात वरिष्ठ सहायक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। वायरल वीडियो को लेकर विभागीय स्तर पर मामला सामने आने के बाद परियोजना निदेशक रामदरस चौधरी ने सदर कोतवाली में तहरीर दी। पुलिस ने वरिष्ठ सहायक अर्जुन कुमार गौतम के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामला सात सितंबर को सामने आया, जब एक न्यूज चैनल के स्टिंग ऑपरेशन से जुड़ा वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। वीडियो में विधायक निधि से संबंधित एक कार्य के सिलसिले में कथित तौर पर कमीशन की मांग किए जाने की बात सामने आई थी। वीडियो वायरल होने के बाद विभागीय अधिकारियों ने मामले का संज्ञान लिया। परियोजना निदेशक की ओर से दी गई तहरीर में कहा गया है कि कथित लेन-देन से संबंधित वीडियो के वायरल होने से लोगों में भ्रम और आक्रोश की स्थिति बन रही है। साथ ही इससे शासन-प्रशासन की छवि प्रभावित होने की बात भी कही गई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए कर्मचारी के खिलाफ विधिक कार्रवाई के लिए पुलिस से शिकायत की गई। सदर कोतवाली पुलिस ने तहरीर के आधार पर वरिष्ठ सहायक अर्जुन कुमार गौतम के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस वायरल वीडियो समेत मामले से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच कर रही है। सदर कोतवाल निर्भय कुमार सिंह ने बताया कि परियोजना निदेशक की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की जांच जारी है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

 

 

 

यह भी पढ़ें : नेपाल जाने से पहले पकड़ी गई नशे की बड़ी खेप, 4,350 इंजेक्शन के साथ तीन तस्कर गिरफ्तार