महराजगंज: हंसखोरी महुअवां गांव में नाली विवाद को लेकर खूनी संघर्ष, लाठी-डंडों से हमला; कई लोग घायल
महराजगंज टाइम्स ब्यूरो:- पनियरा थाना क्षेत्र के हंसखोरी महुअवां गांव में नाली के पुराने विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट का मामला सामने आया है। इस खूनी संघर्ष में लाठी-डंडे और लात-घूंसे चले, जिसके बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें लोग आपस में भिड़ते नजर आ रहे हैं। मौके पर पुलिसकर्मियों के मौजूद होने और बीच-बचाव करने के बावजूद विवाद थमता नहीं दिखा।पीड़ित अशोक कुमार पुत्र स्वर्गीय पारसनाथ ने पनियरा थाने में तहरीर देकर गंभीर आरोप लगाए हैं। पुलिस को दी गई शिकायत के मुताबिक, 16 अक्टूबर 2026 की सुबह करीब 11 बजे उनका अपने पट्टीदारों से नाली के विवाद को लेकर कहासुनी शुरू हो गई थी। आरोप है कि जयनाथ, रजनीश वर्मा, रवि वर्मा और प्रिंस वर्मा ने गालियां दीं और विरोध करने पर लाठी-डंडों से हमला बोल दिया। तहरीर में बताया गया है कि जब शोर सुनकर बीच-बचाव करने पीड़ित के भाई अनिल और परिवार के अन्य सदस्य—प्रियांशु, दीपू, राहुल और अर्चित पहुंचे, तो आरोपितों ने उनके साथ भी मारपीट की। इस हमले में अशोक कुमार समेत उनके परिवार के कई लोग लहूलुहान और गंभीर रूप से घायल हो गए। पीड़ित पक्ष का यह भी आरोप है कि मारपीट के दौरान आरोपितों ने जान से मारने की धमकी दी। घटनास्थल पर पुलिस के सामने हुई इस हिंसा का वीडियो अब चर्चा का विषय बना हुआ है। पीड़ित अशोक कुमार ने थाने में प्रार्थना पत्र देकर सभी नामजद आरोपितों के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच और अग्रिम कार्रवाई में जुटी हुई है।
यह भी पढ़ें : अधिकारियों के नाम पर कमीशन मांगने का आरोप, वरिष्ठ सहायक पर मुकदमा