खंड शिक्षा अधिकारी की चाय की फरमाइश और प्रधानाध्यापक की हिचक—बीएसए कार्यालय में ‘गरिमा’ पर गर्माई चर्चा
महराजगंज टाइम्स ब्यूरो : जिले के बेसिक शिक्षा विभाग में इन दिनों एक छोटी-सी घटना बड़ी चर्चा का विषय बनी हुई है। मामला सोमवार की सुबह का बताया जा रहा है, जब बीएसए कार्यालय में एक खंड शिक्षा अधिकारी अपने कक्ष में बैठे हुए थे। इसी दौरान एक प्रधानाध्यापक किसी कार्य से कार्यालय पहुंचे।बताया जाता है कि बातचीत के दौरान खंड शिक्षा अधिकारी ने चाय पीने की इच्छा जताई। इस पर प्रधानाध्यापक अपने पद की गरिमा को देखते हुए थोड़े असहज नजर आए। उन्होंने विनम्रता से कहा, “सर, रुकिए, किसी चपरासी को देखता हूं।” हालांकि उस समय कार्यालय में कोई भी चपरासी मौजूद नहीं मिला, जिससे स्थिति कुछ असहज हो गई। चर्चा है कि इसके बाद खंड शिक्षा अधिकारी ने प्रधानाध्यापक से ही कह दिया, “देखिए, न हो तो आप ही जाकर चाय लेते आइए।” बस, यहीं से यह घटना विभागीय गलियारों में चर्चा का विषय बन गई। शिक्षा विभाग के कर्मचारियों के बीच यह सवाल उठ रहा है कि क्या एक प्रधानाध्यापक से इस प्रकार चाय मंगवाना पद की गरिमा के अनुरूप है? वहीं कुछ लोग इसे सामान्य मानवीय व्यवहार बता रहे हैं, तो कुछ इसे प्रशासनिक मर्यादा से जोड़कर देख रहे हैं। फिलहाल यह मामला औपचारिक शिकायत तक नहीं पहुंचा है, लेकिन बेसिक शिक्षा विभाग में ‘चाय प्रसंग’ को लेकर चर्चाओं का दौर जारी है।
यह भी पढ़ें : नन्हे बच्चों की मनमोहक प्रस्तुतियों के बीच दी पैरामाउंट अकादमी में क्रिसमस सेलिब्रेशन