Education

महराजगंज में वेतन घोटाले का खुलासा: चार शिक्षकों को मिला अधिक भुगतान, विभाग ने दिए रिकवरी के आदेश

 

 

शिकायत के बाद हुई जांच में सामने आई अनियमितता, दो साल से अधिक समय से मिल रहा था अतिरिक्त वेतन

महराजगंज टाइम्स ब्यूरो:- बेसिक शिक्षा विभाग में वेतन भुगतान से जुड़ी एक बड़ी अनियमितता उजागर हुई है। शिकायत के आधार पर हुई जांच में चार शिक्षकों को निर्धारित वेतनमान से अधिक वेतन दिए जाने का मामला सामने आया है। जांच रिपोर्ट के बाद विभाग ने न केवल वेतन संशोधित करने बल्कि अब तक अधिक भुगतान की गई राशि की वसूली के भी निर्देश जारी कर दिए हैं। वित्त एवं लेखाधिकारी, बेसिक शिक्षा, महराजगंज द्वारा 3 जून 2026 को जारी आदेश के अनुसार प्राथमिक विद्यालय घोठहीं क्षेत्र सदर के प्रधानाध्यापक राजेश कुमार धारिया की शिकायत पर चार शिक्षकों के वेतन अभिलेखों की जांच कराई गई। जांच में पाया गया कि राम भवन प्रसाद (पूर्व माध्यमिक विद्यालय बहरामपुर), राम नारायण (पूर्व माध्यमिक विद्यालय सुचितपुर), रवि प्रताप (पूर्व माध्यमिक विद्यालय हरखपुरा) तथा संजय कुमार पासवान (कम्पोजिट विद्यालय जरदी) का मूल वेतन 64,100 रुपये दर्शाया जा रहा था, जबकि नियमानुसार उनका मूल वेतन 62,200 रुपये होना चाहिए था।वेतन बिलों के परीक्षण में यह भी सामने आया कि संबंधित शिक्षकों को एक अतिरिक्त वार्षिक वेतन वृद्धि (इंक्रीमेंट) का लाभ दे दिया गया था। इसके चलते राम भवन प्रसाद को जून 2024 से, राम नारायण और रवि प्रताप को जुलाई 2024 से तथा संजय कुमार पासवान को अप्रैल 2024 से लगातार अधिक वेतन का भुगतान किया जा रहा था। वित्त एवं लेखाधिकारी ने खंड शिक्षा अधिकारी पनियरा को निर्देश दिया है कि जून 2026 से चारों शिक्षकों का मूल वेतन संशोधित कर 62,200 रुपये किया जाए। साथ ही गलत वेतन निर्धारण के आधार पर भुगतान की गई अतिरिक्त धनराशि की रिकवरी सुनिश्चित करते हुए विभाग को रिपोर्ट उपलब्ध कराई जाए। इस प्रकरण के सामने आने के बाद बेसिक शिक्षा विभाग में वेतन निर्धारण और लेखा प्रणाली की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं। विभागीय सूत्रों का मानना है कि यदि इसी प्रकार अन्य मामलों की भी जांच कराई गई तो और अनियमितताएं सामने आ सकती हैं ,सवाल यह भी उठता है कि क्या गलत वेतन प्राप्त करने वाले शिक्षकों से सिर्फ रिकवरी करके खानापूर्ति कर लिया जाएगा या दोषी शिक्षकों और उनका गलत वेतन निर्धारण करने वाले कर्मचारियों के खिलाफ कोई कार्यवाही भी होगी या नहीं ।

यह भी पढ़ें : बढ़ते तापमान के बीच प्रशासन का फैसला, स्कूल टाइमिंग में बड़ा बदलाव