दि पैरामाउंट एकेडमी में सावन महोत्सव का भव्य आयोजन
महराजगंज टाइम्स ब्यूरो:- दि पैरामाउंट एकेडमी परिसर में सावन के पावन माह के अवसर पर शनिवार को ‘सावन महोत्सव’ का भव्य एवं सांस्कृतिक आयोजन किया गया। विद्यालय परिसर को हरे-भरे पत्तों, सावन के झूलों और रंग-बिरंगी पताकाओं से आकर्षक ढंग से सजाया गया, जिससे पूरा वातावरण उत्सवमय नजर आया। कार्यक्रम की शुरुआत शिव वंदना से हुई। इसके बाद छात्र-छात्राओं ने विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर दर्शकों का मन मोह लिया। वरिष्ठ एवं मध्य वर्ग की छात्राओं के लिए मेहंदी प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें छात्राओं ने पारंपरिक, अरेबिक और आधुनिक डिजाइनों से अपनी हथेलियां सजाईं। प्राथमिक वर्ग के नन्हे-मुन्ने बच्चे भगवान शिव और माता पार्वती का रूप धारण कर पहुंचे। त्रिशूल, डमरू और पारंपरिक वेशभूषा में सजे बच्चों की झांकी आकर्षण का केंद्र रही। विद्यार्थियों ने कजरी, सावन गीत और शिव भजनों पर समूह नृत्य प्रस्तुत कर खूब तालियां बटोरीं। प्राचार्या नेहा सिंघानिया ने बच्चों के प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों को भारतीय संस्कृति और परंपराओं से जोड़ते हैं। अंत में विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार व प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
यह भी पढ़ें : गुरु पूर्णिमा पर दी पैरामाउंट एकेडमी में गुरु-शिष्य परंपरा का अनूठा संगम, चरण पखारकर लिया आशीर्वाद