Maharajganj News : ढीले बिजली तारों पर सख्त DM, स्कूलों के ऊपर से गुजर रहे तार हटाने के निर्देश
109 में 76 शिकायतकर्ता असंतुष्ट, गुणवत्तापूर्ण निस्तारण पर जताई नाराजगी
महराजगंज टाइम्स ब्यूरो:- जिले में जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने बिजली व्यवस्था, शिकायत निस्तारण और पीएम सूर्यघर योजना की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए। विशेष रूप से स्कूल परिसरों और सड़कों के ऊपर से गुजर रहे ढीले तारों को तत्काल ठीक कराने पर जोर दिया गया। गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में डीएम की अध्यक्षता में विद्युत विभाग से जुड़े विभिन्न बिंदुओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विद्युत वितरण, नए कनेक्शन, बिल वसूली, पीएम सूर्यघर योजना तथा आईजीआरएस/जन शिकायतों के निस्तारण की गहन समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने अधिशासी अभियंता को निर्देश दिया कि सरकारी प्राथमिक और माध्यमिक विद्यालयों के ऊपर से गुजर रहे बिजली तारों को प्राथमिकता के आधार पर हटाया जाए। साथ ही प्रबंधकीय विद्यालयों के ऊपर से गुजर रहे तारों की जांच कर आवश्यकतानुसार नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने जिला विद्यालय निरीक्षक से विद्यालयों की सूची उपलब्ध कराने को भी कहा। सड़कों के ऊपर लटक रहे ढीले और जर्जर तारों पर चिंता जताते हुए डीएम ने उन्हें तत्काल दुरुस्त कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ऐसे तार दुर्घटनाओं का कारण बन सकते हैं, इसलिए इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। आईजीआरएस शिकायतों की समीक्षा में 109 में से 76 शिकायतकर्ताओं के असंतुष्ट होने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने निर्देश दिया कि शिकायतों के निस्तारण से पहले मौके का निरीक्षण अवश्य किया जाए। पीएम सूर्यघर योजना के तहत अधिक से अधिक उपभोक्ताओं को लाभ दिलाने के लिए जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। साथ ही स्मार्ट मीटर से जुड़ी शिकायतों को प्राथमिकता पर निस्तारित करने और भ्रम दूर करने को कहा गया।बैठक में सीडीओ महेंद्र कुमार सिंह सहित विद्युत विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।
यह भी पढ़ें : तेज रफ्तार ट्रेलर ने उजाड़ा परिवार: पति-पत्नी और मासूम की दर्दनाक मौत