Maharajganj

श्रमिक दिवस पर पकड़ी रेंज में लगा नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर, सैकड़ों लोगों ने उठाया लाभ

 

महराजगंज टाइम्स ब्यूरो:- अंतर्राष्ट्रीय श्रमिक दिवस के अवसर पर पकड़ी रेंज वन विश्राम भवन में एक नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर का सफल आयोजन किया गया। इस शिविर का संचालन पकड़ी रेंज स्टाफ तथा KMC मेडिकल कॉलेज के अनुभवी चिकित्सकों की टीम द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। शिविर में क्षेत्र के श्रमिकों और स्थानीय नागरिकों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और विभिन्न स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया। स्वास्थ्य शिविर में पहुंचे लोगों की सामान्य स्वास्थ्य जांच, ब्लड प्रेशर और शुगर की जांच की गई। इसके अलावा चिकित्सकों ने विभिन्न बीमारियों से बचाव और समय पर उपचार के महत्व के बारे में भी जानकारी दी। बड़ी संख्या में पहुंचे श्रमिकों और ग्रामीणों को मुफ्त परामर्श और आवश्यक दवाइयां भी वितरित की गईं। चिकित्सकों की टीम ने लोगों को संतुलित आहार लेने, नियमित व्यायाम करने और व्यक्तिगत स्वच्छता बनाए रखने के प्रति जागरूक किया। उन्होंने कहा कि छोटी-छोटी सावधानियां अपनाकर कई गंभीर बीमारियों से बचा जा सकता है। शिविर का मुख्य उद्देश्य श्रमिकों के स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना और उन्हें बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराना रहा। इस आयोजन को स्थानीय प्रशासन और वन विभाग का पूर्ण सहयोग प्राप्त हुआ। कार्यक्रम में क्षेत्रीय वनाधिकारी सुशांत मणि त्रिपाठी, वन दरोगा विपुल कुमार मिश्रा, वन रक्षक विक्रांत सिंह, वन्यजीव रक्षक शशि चौधरी सहित अन्य वनकर्मी मौजूद रहे। वहीं KMC चिकित्सालय से डॉ. देव, डॉ. हेमंत भारद्वाज, डॉ. अमान खान, डॉ. रूपाली यादव और अन्य स्टाफ ने अपनी सेवाएं दीं। स्थानीय लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए भविष्य में भी ऐसे शिविरों के आयोजन की आवश्यकता जताई। यह आयोजन श्रमिकों के प्रति सम्मान के साथ-साथ समाज में स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाने की दिशा में एक सराहनीय प्रयास साबित हुआ।

यह भी पढ़ें : तेज रफ्तार ट्रेलर ने उजाड़ा परिवार: पति-पत्नी और मासूम की दर्दनाक मौत