Maharajganj

घर से नाराज किशोरी ने नहर में लगाई छलांग, तलाश में जुटी एसडीआरएफ और पुलिस

 

महराजगंज टाइम्स ब्यूरो:- भिटौली थाना क्षेत्र के एक गांव की किशोरी द्वारा देवरिया शाखा नहर में छलांग लगाने की घटना से इलाके में हड़कंप मच गया। मंगलवार को हुई इस घटना के बाद किशोरी तेज बहाव में बह गई और देर शाम तक उसका कोई पता नहीं चल सका। पुलिस, स्थानीय गोताखोरों और एसडीआरएफ की टीम द्वारा लगातार तलाश अभियान चलाया जा रहा है। जानकारी के अनुसार किशोरी घर में किसी बात को लेकर नाराज थी। मंगलवार को वह अकेले घर से निकलकर नहर के किनारे पहुंची। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कुछ देर तक वह नहर किनारे खड़ी रही और अचानक पानी में छलांग लगा दी। घटना के समय पास के खेत में काम कर रहे एक किसान की नजर उस पर पड़ी। किसान ने शोर मचाते हुए उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक किशोरी नहर की तेज धारा में बह चुकी थी। घटना की सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए। सूचना पर भिटौली पुलिस भी मौके पर पहुंची और स्थानीय गोताखोरों की मदद से खोजबीन शुरू कराई। काफी प्रयास के बाद भी सफलता नहीं मिलने पर एसडीआरएफ टीम को बुलाया गया। थानाध्यक्ष सत्येंद्र राय ने बताया कि पुलिस और एसडीआरएफ की टीम संयुक्त रूप से तलाश अभियान चला रही है। मोटरबोट और अन्य संसाधनों की मदद से नहर में सघन खोज की जा रही है। हालांकि तेज जल प्रवाह के कारण अभियान में दिक्कतें आ रही हैं। देर शाम तक किशोरी का कोई सुराग नहीं मिल पाया था और खोजबीन जारी थी।

यह भी पढ़ें : मोदी सरकार के 12 साल पर दयालु ने गिनाईं उपलब्धियां, अखिलेश के बयान पर कहा- लोकतंत्र का सम्मान करे विपक्ष