गौवंशों की मौत का मामला गरमाया, कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन के बाद मोबाइल टावर पर चढ़े गौ रक्षक दल के कार्यकर्ता
मदनपुरा गोसदन प्रकरण में कार्रवाई की मांग, पुलिस की कथित अभद्रता के विरोध में घंटों चला हंगामा
महराजगंज टाइम्स ब्यूरो:- मिठौरा ब्लॉक के मदनपुरा गोसदन में दो गौवंशीय पशुओं की मौत का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। शनिवार को गोसदन में हुए हंगामे के बाद मंगलवार शाम गौ रक्षक दल और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन कर प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। कार्यकर्ताओं ने पहले जिलाधिकारी कार्यालय पर धरना दिया और बाद में अपनी मांगों को लेकर कलेक्ट्रेट परिसर स्थित मोबाइल टावर पर चढ़ गए, जिससे प्रशासनिक अमले में हड़कंप मच गया। गौरतलब है कि मदनपुरा गोसदन में दो गौवंशों की मौत के बाद कार्यकर्ताओं ने गोसदन प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाया था। इस दौरान शवों को जेसीबी से हटाने को लेकर पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई थी। इसी घटना को लेकर मंगलवार को बड़ी संख्या में कार्यकर्ता जिला मुख्यालय पहुंचे। टावर पर चढ़े कार्यकर्ताओं ने मांग की कि गोवंशों की मौत की निष्पक्ष जांच कर दोषी अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि गोसदन में विरोध के दौरान पुलिस प्रशासन ने कार्यकर्ताओं के साथ अभद्र व्यवहार किया, जिसकी जांच कर दोषियों पर कार्रवाई होनी चाहिए। कार्यकर्ताओं ने यह भी मांग उठाई कि मामले की जांच के दौरान गौ रक्षक दल के प्रतिनिधियों को जांच टीम के साथ शामिल किया जाए। टावर पर चढ़े कार्यकर्ताओं को नीचे उतारने के लिए प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। देर शाम तक अधिकारियों द्वारा समझाने-बुझाने का प्रयास जारी रहा।
यह भी पढ़ें : रात्रि चौपाल में गूंजी बेटियों की शिक्षा की अलख, हर बच्ची को स्कूल भेजने का लिया संकल्प