शेष फरेन्दा गेट हादसे में बड़ी कार्रवाई, प्रधान पर एफआईआर; सचिव और कंसल्टिंग इंजीनियर निलंबित
महराजगंज टाइम्स ब्यूरो:- नौतनवा विकास खंड के ग्राम पंचायत शेष फरेन्दा में पोखरी सुंदरीकरण के तहत निर्मित गेट गिरने से मासूम बच्चे की मौत के मामले में जिला प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है। जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल के निर्देश पर ग्राम प्रधान के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कराने के आदेश दिए गए हैं। साथ ही ग्राम पंचायत सचिव और संबंधित कंसल्टिंग इंजीनियर को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। गौरतलब है कि शनिवार को पोखरी के सुंदरीकरण के दौरान निर्मित प्रवेश द्वार अचानक भरभराकर गिर गया था, जिसकी चपेट में आने से एक मासूम बच्चा मलबे के नीचे दब गया। परिजन उसे तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद पूरे गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है।घटना की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने मामले का संज्ञान लिया और प्रथम दृष्टया लापरवाही पाए जाने पर जिम्मेदार अधिकारियों और संबंधित लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए। इसी क्रम में ग्राम प्रधान पर एफआईआर दर्ज कराने, ग्राम पंचायत सचिव तथा कंसल्टिंग इंजीनियर को निलंबित करने की कार्रवाई की गई है।पुलिस मामले की जांच कर रही है। प्रशासन का कहना है कि यदि जांच में अन्य किसी अधिकारी, कर्मचारी या कार्यदायी संस्था की लापरवाही सामने आती है तो उनके विरुद्ध भी नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें : टेट परीक्षा ने रोकी शहर का रफ्तार, जाम के बीच स्कूल बंद करने का आदेश