Maharajganj

ग्रीन चौपाल में पर्यावरण संरक्षण का संदेश, ग्रामीणों संग किया गया वृक्षारोपण

 

महराजगंज टाइम्स ब्यूरो:- वन महोत्सव सप्ताह के अंतर्गत शुक्रवार को सोहगीबरवा वन्यजीव प्रभाग की पकड़ी रेंज के ग्रामसभा पकड़ी नोनिया में ग्रीन चौपाल का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीणों को पर्यावरण संरक्षण, वन संवर्धन तथा अधिक से अधिक वृक्षारोपण के प्रति जागरूक करना था। इस दौरान वन विभाग के अधिकारियों और ग्रामीणों ने मिलकर पौधरोपण किया तथा पौधों की सुरक्षा और नियमित देखभाल का संकल्प लिया। कार्यक्रम में ग्राम प्रधान इन्द्रमणि वर्मा एवं क्षेत्रीय वनाधिकारी सुशांत मणि त्रिपाठी ने ग्रामीणों के साथ विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए। ग्रीन चौपाल के दौरान उपस्थित लोगों को वृक्षों के पर्यावरणीय, सामाजिक और आर्थिक महत्व की जानकारी दी गई। साथ ही प्रत्येक व्यक्ति से अपने घर, खेत और सार्वजनिक स्थानों पर अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनके संरक्षण का आह्वान किया गया। क्षेत्रीय वनाधिकारी सुशांत मणि त्रिपाठी ने कहा कि वृक्ष पर्यावरण संतुलन बनाए रखने, जैव विविधता के संरक्षण और आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनकी नियमित देखभाल और सुरक्षा भी उतनी ही आवश्यक है।कार्यक्रम में वन दरोगा विपुल कुमार मिश्रा, वन रक्षक विक्रांत सिंह, वन्यजीव रक्षक शशि चौधरी, चौकीदार ऋतिक मोहम्मद, दैनिक सुरक्षा श्रमिकों सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। सभी ने वन महोत्सव सप्ताह को जनभागीदारी के माध्यम से सफल बनाने और हरित एवं स्वच्छ पर्यावरण के निर्माण में सक्रिय योगदान देने का संकल्प लिया।

यह भी पढ़ें : टेट परीक्षा ने रोकी शहर का रफ्तार, जाम के बीच स्कूल बंद करने का आदेश