Maharajganj

रसोई के मसालों पर खाद्य सुरक्षा विभाग का शिकंजा, जांच में 178 किलो जीरा सीज, तीन दुकानों से लिए नमूने

 

मसालों की गुणवत्ता पर विभाग की सख्ती, तीन दुकानों से हल्दी, धनिया और जीरा के नमूने लिए गए

महराजगंज टाइम्स ब्यूरो:- रसोई में रोज इस्तेमाल होने वाले मसालों की गुणवत्ता पर अब खाद्य सुरक्षा विभाग की पैनी नजर है। महराजगंज में चल रहे विशेष अभियान के तहत विभाग ने बुधवार को तीन प्रतिष्ठानों पर छापेमारी कर विभिन्न ब्रांड के मसालों के नमूने लिए। वहीं नियमों का उल्लंघन मिलने पर 178 किलोग्राम साबुत जीरा सीज कर बड़ी कार्रवाई की गई। आयुक्त, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, लखनऊ, जिलाधिकारी महराजगंज तथा प्रभारी सहायक आयुक्त (खाद्य) के.के. उपाध्याय के निर्देश पर जिले में मसालों की गुणवत्ता जांचने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम ने महराजगंज, निचलौल और ठूठीबारी क्षेत्र में कई दुकानों का निरीक्षण किया।कार्रवाई के दौरान महराजगंज स्थित रामसनेही जनरल स्टोर से सुभाष ब्रांड हल्दी पाउडर, निचलौल के अनिल ट्रेडर्स से कैच ब्रांड धनिया पाउडर तथा ठूठीबारी के सत्यम जनरल स्टोर से बावर्ची ब्रांड धनिया पाउडर और साबुत जीरा के नमूने जांच के लिए संग्रहित किए गए।निरीक्षण के समय सत्यम जनरल स्टोर पर रखे बावर्ची ब्रांड के जीरा पैकेटों पर खाद्य सुरक्षा नियमों के तहत आवश्यक विवरण अंकित नहीं मिला। इस पर विभाग ने तत्काल कार्रवाई करते हुए करीब 178 किलोग्राम जीरा, जिसकी अनुमानित कीमत 35,600 रुपये है, को सीज कर विक्रेता की सुरक्षित अभिरक्षा में सौंप दिया।खाद्य सुरक्षा विभाग के अनुसार सभी नमूनों को प्रयोगशाला भेजा जाएगा। जांच रिपोर्ट के आधार पर दोषी पाए जाने पर संबंधित कारोबारियों के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत विधिक कार्रवाई की जाएगी। अभियान में खाद्य सुरक्षा अधिकारी हंसराज प्रसाद, अंकित सिंह और पवन गौड़ शामिल रहे।

यह भी पढ़ें : ग्रीन चौपाल में पर्यावरण संरक्षण का संदेश, ग्रामीणों संग किया गया वृक्षारोपण