मुख्य मार्ग बंद करने के विरोध में ग्रामीणों का धरना, अंडरपास निर्माण की उठाई मांग
महराजगंज टाइम्स ब्यूरो:- घुघुली थाना क्षेत्र के ग्राम घघरुआ खंण्डेसर के ग्रामीणों ने रेलवे निर्माण कार्य के दौरान गांव के मुख्य पारंपरिक एवं धार्मिक मार्ग को बंद किए जाने के विरोध में शनिवार को धरना-प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने रेलवे प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताते हुए मार्ग को बंद न करने तथा इस स्थान पर रेलवे अंडरपास (RUB) का निर्माण कराने की मांग उठाई। ग्रामीणों का कहना है कि जिस मार्ग को बंद किया जा रहा है, उसी रास्ते से दो सरकारी विद्यालय, प्राचीन हनुमान मंदिर और छठी मैया के पवित्र पोखरे तक पहुंचा जाता है। यह गांव का प्रमुख संपर्क मार्ग है, जिससे प्रतिदिन हजारों लोगों का आवागमन होता है। ग्रामीणों का आरोप है कि मार्ग बंद होने से बच्चों की शिक्षा प्रभावित होगी, धार्मिक स्थलों तक पहुंचने में कठिनाई होगी और गांव से जिला मुख्यालय जाने की दूरी व समय दोनों बढ़ जाएंगे। धरने के दौरान ग्रामीणों ने कहा कि इस संबंध में रेलवे प्रशासन और स्थानीय प्रशासन को पहले भी कई बार ऑनलाइन एवं लिखित शिकायतें दी जा चुकी हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान नहीं निकला। न तो अंडरपास के निर्माण का आश्वासन मिला और न ही वैकल्पिक मार्ग की व्यवस्था की गई। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। उन्होंने प्रशासन से जनहित को देखते हुए मुख्य मार्ग को सुरक्षित रखने और स्थायी समाधान के रूप में अंडरपास का निर्माण कराने की मांग की। धरना-प्रदर्शन में राकेश सिंह, रामकयाश, उमेश सिंह, जमालुदीन, जवाहर मद्धेशिया, शंकर, महेंद्र सिंह, सोनू श्रीवास्तव, रमन, पीयूष सिंह सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
यह भी पढ़ें : 'नई रोशनी स्कीम' के तहत एनसीसी कैडेट्स ने किया पौधरोपण, महिला सशक्तिकरण का दिया संदेश