सीएम दरबार पहुंची सिसवा की आवाज, मंडी समिति पर मिला भरोसा; तहसील पर जनगणना के बाद फैसला
विधायक प्रेम सागर पटेल के नेतृत्व में व्यापारियों ने मुख्यमंत्री से की मुलाकात
महराजगंज टाइम्स ब्यूरो:- सिसवा विधानसभा क्षेत्र के व्यापारियों के एक प्रतिनिधिमंडल ने मंगलवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से लखनऊ स्थित उनके सरकारी आवास पर मुलाकात कर क्षेत्र की वर्षों पुरानी मांगों को प्रमुखता से उठाया। विधायक प्रेम सागर पटेल के नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने सिसवा में मंडी समिति की स्थापना और तहसील बनाए जाने की मांग मुख्यमंत्री के समक्ष रखी। मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंडी समिति की स्थापना के प्रस्ताव पर सकारात्मक रुख दिखाते हुए व्यापारियों को आश्वस्त किया कि इस दिशा में आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। वहीं, सिसवा को तहसील का दर्जा देने की मांग पर उन्होंने कहा कि जनगणना की प्रक्रिया पूरी होने के बाद इस विषय पर नियमानुसार निर्णय लिया जाएगा। प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री के समक्ष सिसवा विधानसभा क्षेत्र के सर्वांगीण विकास, व्यापारिक सुविधाओं के विस्तार और जनहित से जुड़े अन्य विषयों पर भी चर्चा की। व्यापारियों का कहना था कि मंडी समिति बनने से किसानों और व्यापारियों दोनों को लाभ मिलेगा, जबकि तहसील बनने से क्षेत्र के लोगों को प्रशासनिक कार्यों के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा।मुलाकात के बाद व्यापारियों ने इसे सकारात्मक और आशाजनक बताया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने उनकी मांगों को गंभीरता से सुना और सकारात्मक आश्वासन दिया। व्यापारियों ने विधायक प्रेम सागर पटेल का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके प्रयासों से क्षेत्र की लंबे समय से लंबित मांगें सीधे मुख्यमंत्री तक पहुंच सकीं। प्रतिनिधिमंडल में जितेंद्र वर्मा, हरिराम भालोटिया, जयप्रकाश भालोटिया, विजय कुमार सोनी, मनीष सोनी, नामित भालोटिया, चंदन सोनी, मनोज चौधरी समेत बड़ी संख्या में व्यापारी मौजूद रहे।
यह भी पढ़ें : गन्ने के खेत के पास मिला एक वर्षीय नर तेंदुए का शव, संघर्ष में मौत की आशंका