बाढ़ का जायजा लेने ट्रैक्टर-ट्रॉली से ग्राउंड जीरो पहुंचे एसडीएम अवनीश त्रिपाठी, सोहगीबरवा में राहत कार्य तेज
महराजगंज टाइम्स ब्यूरो:- नेपाल के पहाड़ी इलाकों में हो रही मूसलाधार बारिश के चलते नारायणी नदी के जलस्तर ने रौद्र रूप धारण कर लिया है। नदी का डिस्चार्ज 3 लाख क्यूसेक पार कर जाने से महराजगंज जिले के निचलौल ब्लॉक अंतर्गत सोहगीबरवा, भोथहा और शिकारपुर समेत आठ टोले बाढ़ के पानी से पूरी तरह घिर गए हैं। सभी प्रमुख रास्ते जलमग्न होने और आवागमन पूरी तरह ठप्प हो जाने के बाद प्रशासनिक अमला हरकत में आ गया है। निचलौल के एसडीएम अवनीश त्रिपाठी व तहसीलदार अमित सिंह शासनिक टीम के साथ खुद ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार होकर जलभराव और भीषण कटान से जूझ रहे सोहगीबरवा पहुंचे। उन्होंने ग्राउंड जीरो पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और बाढ़ पीड़ितों से सीधा संवाद कर उन्हें हर संभव मदद का भरोसा दिया। निचलौल एसडीएम अवनीश त्रिपाठी ने बताया कि क्षेत्र की तीन ग्राम सभाओं के 300 से अधिक घरों में बाढ़ का पानी घुस चुका है। नदी का डिस्चार्ज साढ़े तीन लाख क्यूसेक तक पहुंचने की आशंका है, जिससे रात तक जलस्तर और बढ़ सकता है। इसे देखते हुए पूरे क्षेत्र में अलर्ट जारी कर दिया गया है। प्रशासन की ओर से प्रभावितों के लिए तुरंत कम्युनिटी किचन की शुरुआत कर दी गई है। ग्रामीणों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने के लिए नावें लगा दी गई हैं और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए डॉक्टरों की टीम तैनात कर दी गई है। एसडीएम ने अधीनस्थ अधिकारियों को चौबीसों घंटे स्थिति पर पैनी नजर रखने और राहत सामग्री निर्बाध रूप से पहुंचाने के निर्देश दिए हैं।
यह भी पढ़ें : एसपी शक्ति मोहन के ‘शक्ति’ अभियानों का असर, सड़क हादसों में कमी के मामले में यूपी में नंबर-1 बना महराजगंज