Maharajganj

महराजगंज में कड़ी सुरक्षा के बीच शिक्षक एमएलसी चुनाव का मतदान जारी, दोपहर 2 बजे तक 68.73% वोटिंग

 

महराजगंज टाइम्स ब्यूरो:- गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के लिए महराजगंज जिले में शुक्रवार को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतदान जारी है। दोपहर दो बजे तक जिले में लगभग 68.73 प्रतिशत मतदान हो चुका था। मतदान को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है। जनपद में कुल 11 मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जहां 3572 शिक्षक मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं। सभी मतदान केंद्रों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल और पुलिस अधीक्षक समेत अन्य अधिकारी लगातार मतदान केंद्रों का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा ले रहे हैं। जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने बताया कि मतदान सुबह आठ बजे से शाम चार बजे तक चलेगा। प्रशासन की ओर से मतदान प्रक्रिया पर लगातार नजर रखी जा रही है। अब तक जिले में मतदान शांतिपूर्ण ढंग से जारी है और किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली है। मतदान समाप्त होने के बाद मतपेटियों को निर्धारित स्ट्रांग रूम में सुरक्षित रखा जाएगा। इसके बाद क्षेत्राधिकारी और मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में मतपेटियों को दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय भेजा जाएगा, जहां मतगणना की प्रक्रिया संपन्न होगी।

यह भी पढ़ें : सीएमओ कार्यालय में शराब के नशे में हंगामा करने का आरोप, VVIP पार्टी के नेता का मेडिकल परीक्षण