Maharajganj

प्रेमी से शादी की जिद में मोबाइल टॉवर पर चढ़ी किशोरी, छलांग लगाने की दी धमकी; घंटों चला हाईवोल्टेज ड्रामा

 

परिजनों के विरोध से नाराज होकर सुबह पांच बजे घर से निकली, पुलिस और परिजनों की घंटों की समझाइश के बाद सुरक्षित उतरी नीचे

महराजगंज टाइम्स ब्यूरो:- निचलौल थाना क्षेत्र के बैठवलिया गांव में रविवार सुबह प्रेम प्रसंग से जुड़ा एक मामला उस समय हाईवोल्टेज ड्रामे में बदल गया, जब प्रेमी से शादी की जिद पर अड़ी एक किशोरी मोबाइल टॉवर पर चढ़ गई। टॉवर पर चढ़कर उसने साफ कह दिया कि अगर उसकी शादी प्रेमी से नहीं कराई गई तो वह नीचे छलांग लगा देगी। किशोरी की इस धमकी से परिजनों में अफरा-तफरी मच गई। देखते ही देखते मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई। जानकारी के मुताबिक, किशोरी का गांव से करीब 15 किलोमीटर दूर शीशगढ़ निवासी एक युवक से प्रेम प्रसंग चल रहा था। दोनों के बीच काफी समय से बातचीत होती थी। किशोरी युवक से शादी करना चाहती थी, लेकिन युवक के गैर बिरादरी का होने के कारण परिजन इस रिश्ते के लिए तैयार नहीं थे। बताया जा रहा है कि परिजनों की असहमति से नाराज किशोरी रविवार सुबह करीब पांच बजे शौच के बहाने घर से निकली और गांव के पास स्थित मोबाइल टॉवर पर चढ़ गई। वहां से वह लगातार प्रेमी से शादी कराने की मांग करने लगी। घटना की सूचना मिलते ही निचलौल पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिसकर्मियों और परिजनों ने काफी देर तक किशोरी को समझाने का प्रयास किया। लगातार मान-मनौव्वल के बाद वह सुरक्षित नीचे उतर आई। इसके बाद पुलिस उसे थाने ले गई। थाना प्रभारी निरीक्षक योगेंद्र कुमार राय ने बताया कि किशोरी को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया है। उससे पूछताछ की जा रही है। इसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़ें : एक चेहरा, कई पहचान: फर्जी भारतीय दस्तावेजों के साथ इंडोनेशियाई महिला नेपाल बॉर्डर पर गिरफ्तार